लवली का इस्तीफा स्वीकार, जल्द मिलेगा प्रदेश कांग्रेस को नया अध्यक्ष

नई दिल्ली, 28 अप्रैल (हि.स.)। कांग्रेस आलाकमान ने पार्टी नेता अरविंद सिंह लवली के दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष पद से इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस प्रभारी दीपक बावरिया ने मीडिया से बातचीत में इसकी जानकारी दी है।

अरविंद सिंह लवली ने आम आदमी पार्टी के साथ गठबंधन और पार्टी के दो उम्मीदवारों के चयन को लेकर सवाल उठाए थे। इसके बाद से ही भारतीय जनता पार्टी कांग्रेस पर हमलावर है।

भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता मनजिंदर सिंह सिरसा ने लवली के इस्तीफे पर कहा कि इस्तीफ़ा इस बात को साबित करता है कि सत्ता के लालच में कांग्रेस का स्तर इतना नीचे गिर गया है कि उनके अपने पार्टी वर्कर आम आदमी पार्टी के साथ गठजोड़ को लेकर नाराज़ हैं। इस गठजोड़ के बावजूद कांग्रेस दिल्ली की सारी सीटों पर हार रही है। जिस जहाज़ के कैप्टन राहुल गांधी है उस जहाज़ की सवारी कोई नहीं करना चाहता।

इस्तीफा के बाद से कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के बेटे संदीप दीक्षित भी शामिल हैं अरविंद सिंह लवली के घर पहुंचे। घर के बाहर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी दीपक बावरिया के खिलाफ नारेबाजी भी हुई।

इस्तीफा देने के बाद पत्रकारों से बातचीत में लवली ने कहा कि अरविंदर सिंह लवली ने कहा कि वह किसी अन्य पार्टी में नहीं जा रहे हैं। सिद्धांतों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं की पीड़ा का जिक्र करते हुए उन्होने दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है। वे मिलने आए कांग्रेस कार्यकर्ताओं को धन्यवाद देना चाहता हैं।

माना जा रहा है कि लवली का विरोध पार्टी उम्मीदवारों और प्रदेश प्रभारी को लेकर है। सूत्रों का कहना है कि पार्टी ने उम्मीदवार बदलने की मांग को अस्वीकार कर दिया है और जल्द ही प्रदेश को नया अध्यक्ष मिल जाएगा।

वही आम आदमी पार्टी ने लवली के इस्तीफा पर कुछ भी कहने से इनकार किया है। पार्टी नेता सौरभ भारद्वाज का कहना है कि कांग्रेस हमारे गठबंधन सहयोगी पार्टी है। यह उनके आंतरिक मामला है और वह इस पर सही जवाब देंगे।

हिन्दुस्थान समाचार/अनूप

   

सम्बंधित खबर