इंडी गठबंधन सरकार में फ्री आटा के साथ मिलेगा डेटा : अखिलेश यादव

कानपुर, 07 मई (हि.स.)। लोकसभा चुनाव के दो चरणों में जनता जिस प्रकार इंडी गठबंधन के साथ मजबूती से खड़ी हुई उससे तीसरा चरण आते-आते भाजपा बेइमानी पर उतर आई है। यह लोग कुछ भी कर लें करोड़ों जनता पीडीए के नाम पर मतदान कर इंडी गठबंधन की सरकार बनाने जा रही है। इंडी गठबंधन सरकार में फ्री आटा के साथ डेटा भी दिया जाएगा।

यह बातें मंगलवार को कानपुर पहुंचे उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पत्रकार वार्ता में कही।

मैनपुरी लोकसभा चुनाव में मतदान के बाद सपा अध्यक्ष अकबरपुर लोकसभा से पार्टी उम्मीदवार राजाराम पाल के पक्ष में रमईपुर में जनसभा को संबोधित करने पहुंचे। जनसभा के बाद पत्रकार वार्ता में उन्होंने भाजपा पर जमकर निशाना साधा। कहा कि युवाओं और किसानों के साथ भाजपा ने धोखा किया है। तीन चरणों के मतदान से भाजपा बौखला गई है क्योंकि उन्हें पता हो गया है कि पीडीए का एकमुश्त मतदान इंडी गठबंधन को जा रहा है। इस खिसियाहट में भाजपा बेइमानी पर उतर आई है, लेकिन जनता ने मन बना लिया है कि इनको बाहर ही करके दम लेंगे,इसलिए यह कितनी भी बेइमानी कर लें इनकी हार सुनिश्चित है।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में पीडीए एक सीट पर ही लड़ाई में है बाकी सभी सीटें जीत रहा है। भाजपा सरकार ने 10 भर्ती परीक्षाएं लीक करवाकर युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ किया है। डबल इंजन वाली सरकार का इस चुनाव की होर्डिंगों में खटारा इंजन गायब है और जनता बचे हुए इंजन को भी गायब कर देगी। इन लोगों का स्तर इतना गिर गया है कि हम लोग अगर मंदिर में जाएंगे तो परिसर को धोएंगे। इनको अब जनता वोट डालकर ऐसा धोयेगी कि दोबारा सत्ता में नहीं लौटेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार/अजय/राजेश

   

सम्बंधित खबर