भाजपा का दो दिवसीय बूथ चलो अभियान पंचकूला से शुरू

चंडीगढ़, 11 मई (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने भाजपा के दो दिवसीय प्रदेशव्यापी बूथ चलो अभियान की शुरुआत शनिवार को पंचकूला की राजीव कॉलोनी से की। मुख्यमंत्री इस कॉलोनी के बूथ नंबर 132 पर पहुंचे और प्रत्येक घर में भाजपा के पोस्टर देकर वोट डालने की अपील की।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत मजबूत और सशक्त राष्ट्र हुआ है। लोकतंत्र महापर्व में सभी मतदाता अपनी भागीदारी सुनिश्चित करते हुए नरेन्द्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाएं। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस ने सिर्फ घोषणा पत्र बना कर लोगों को ठगने का काम किया है। कांग्रेस पार्टी ने कभी गरीबी हटाने का काम नहीं किया। कांग्रेस राम मंदिर पर राजनीति करती रही है।

सैनी ने कहा कि 11 और 12 मई को बूथ चलो अभियान में भाजपा का हर कार्यकर्ता हर घर जाकर लोगों को प्रधानमंत्री मोदी का संदेश देगा। इस अभियान में बूथ से लेकर मंडल तक के कार्यकर्ता शामिल हैं। पूरे प्रदेश में इस अभियान को हमारे कार्यकर्ता सफल बनाएंगे।

इस मौके पर हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष और पंचकूला विधायक ज्ञानचंद गुप्ता, अंबाला लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी बंतो कटारिया और पंचकूला भाजपा जिला अध्यक्ष दीपक शर्मा सहित कई लोग मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/संजीव/वीरेन्द्र

   

सम्बंधित खबर