रायपुर : पीएससी घोटाले में सीबीआई जांच के निर्णय से भगदड़, कई के देश छोड़ने की खबर

रायपुर, 12 मई (हि.स.)। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस शासनकाल में हुए पीएससी घोटाला को लेकर प्रदेश के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने रविवार को एक बड़ा खुलासा किया है। पीएससी की जांच को लेकर कांग्रेस के बयान पर वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस को सवाल उठाने का कोई अधिकार नहीं है। छत्तीसगढ़ के युवा भाई-बहनों के साथ धोखा किया गया है। भाजपा ने सरकार बनते ही सीबीआई जांच का निर्णय लिया। जांच की प्रक्रिया चल रही है। कई लोग घबराए हुए हैं। कई लोगों के देश छोड़ने की खबरें भी आ रही हैं। ऐसी स्थिति में कांग्रेस में भगदड़ मची हुई है।

ओडिशा दौर को लेकर कैबिनेट मंत्री ओपी चौधरी ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी संगठन के निर्देश के अनुसार कार्य करती है। छत्तीसगढ़ में अलग-अलग लोकसभा सीटों को लेकर परिश्रम किया गया। अब ओडिशा में संगठन के निर्देश अनुसार जिम्मेदारी पूरा करेंगे। अब दूसरे राज्यों की जिम्मेदारी दी गई है, जिसे पूरा करने का लक्ष्य है।

कैबिनेट में बदलाव को लेकर कांग्रेस के बयान पर ओपी चौधरी ने कहा कि कांग्रेस डूबती हुई नाव है। विपक्ष का दर्जा प्राप्त करने में भी कामयाब नहीं है। भाजपा में पद नहीं, दायित्व होता है। कांग्रेस के पांच सालों में जय-वीरू में नहीं बन पाई। कांग्रेस का दूसरों पर सवाल उठाना हास्यास्पद है।

हिन्दुस्थान समाचार / चंद्रनारायण शुक्ल / गेवेन्द्र

   

सम्बंधित खबर