फरीदाबाद में शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने वाला आरोपी गिरफ्तार
- Admin Admin
- Oct 07, 2024

फरीदाबाद, 7 अक्टूबर (हि.स.)। नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पीडि़ता की शिकायत पर महिला थाना एनआईटी की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को पॉक्सो एक्ट के तहत गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस प्रवक्ता ने सोमवार को बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपी का नाम सुमित (27) है, जो बिहार के छपरा का रहने वाला है और फिलहाल फरीदाबाद की संजय कॉलोनी एरिया में रहता है।
बीते 5 अक्टूबर को महिला थाना एनआईटी में पोक्सो की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था, जिसमें आरोपी ने शादी का झांसा देकर 14 वर्षीय लडक़ी के साथ शारीरिक संबंध बनाए। लडक़ी की मुलाकात आरोपी के साथ करीब 1 साल पहले हुई थी।
आरोपी ने लडक़ी को अपने प्यार के जाल में फंसा लिया और शादी का झांसा देकर उसके साथ कई बार संबंध बनाए। बाद में आरोपी ने शादी करने से मना कर दिया तो लडक़ी ने यह बात अपने परिजनों को बताई, जिसके बाद परिजनों की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ पोक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज करके उसे गिरफ्तार किया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर