
लद्दाख पर्यटन विभाग ने लिया फैसला
इन्नर लाइन परमिट लेना होगा अनिवार्य
श्रीनगर। लद्दाख घूमने के लिए आने वाले पर्यटकों के लिए खुशखबरी है। करीब एक साल के बाद फिर से पर्यटकों को लद्दाख की पैंगोंग झील पर आने की अनुमति दे दी गई है। अब पर्यटक लद्दाख की पैंगोंग झील का नज़ारा ले सकते हैं। लद्दाख पर्यटन विभाग की तरफ से झील को पर्यटकों के लिए खोला दिया गया है लेकिन इसके लिए पर्यटकों को लेह से इन्नर लाइन परमिट लेना होगा। चीन के साथ विवाद के बाद इस झील के आसपास पर्यटकों का आना-जाना बंद कर दिया गया था। अब इसे करीब एक साल बाद फिर से खोला गया है। मई में मनाली-लेह हाइवे को भी खोल दिया जाएगा। लद्दाख में पैंगोंग झील पर्यटन का मुख्य केन्द्र है जिसे देखने के लिए दूर-दूर से पर्यटक आते हैं। इस झील की खूबसूरती का दीदार करने के लिए देश-विदेश से पर्यटकों का लद्दाख में आना-जाना लगा रहता है, लेकिन पिछले साल चीन के साथ विवाद के कारण यहां पर्यटकों के आगमन पर पाबंदी लगा दी गई थी। पर्यटकों को कोई नुकसान ना हो यह फैसला इसलिए लिया गया था। अब हालात कुछ हद तक सामान्य होने के कारण यह पाबंदी हटा दी गई है। लद्दाख पर्यटन विभाग की तरफ से इसकी जानकारी दी गई है जिसमें बताया गया है कि पर्यटकों की सुविधा के लिए झील को खोला गया है ताकि यहां घूमने के लिए आने वाले पर्यटक इसका नज़ारा ले सकें। हालांकि, इसके लिए पर्यटन विभाग की तरफ से बनाए गए नियमों का उन्हें पालन करना होगा। इसके अलावा पर्यटन विभाग की तरफ से बताया गया कि लद्दाख में पर्यटकों की गिनती को बढ़ाने के लिए और भी कई प्रयास किए जा रहे हैं जिसके तहत लेह-मनाली हाइवे को मई माह में खोल दिया जाएगा।