एक महीने चले 'मैं भी केजरीवाल' अभियान में 24 लाख घरों तक पहुंचे- आप

नई दिल्ली, 1 जनवरी (हि.स.)। आम आदमी पार्टी का कहना है कि पूरी दिल्ली में चलाया गया ‘मैं भी केजरीवाल’ डोर टू डोर अभियान पूरी तरह सफल रहा है। पार्टी का कहना है कि 1 से 30 दिसंबर तक चले इस अभियान से साफ हो गया है कि दिल्ली की जनता मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के साथ है।

यह जानकारी सोमवार को आम आदमी पार्टी के नेताओं ने पार्टी मुख्यालय में संयुक्त प्रेस वार्ता कर दी। दिल्ली में लगभग 44 लाख घर हैं जिनमें से 24 लाख घरों तक पहुंचने में हम लोग सफल रहे हैं। प्रदेश उपाध्यक्ष और विधायक कुलदीप कुमार ने कहा कि 'मैं भी केजरीवाल' हस्ताक्षर अभियान की सफलता के बाद अब हम पूरी दिल्ली में 'मैं भी केजरीवाल' जन संवाद अभियान शुरू करने जा रहे हैं। हमारा जन संवाद अभियान 4 जनवरी 2024 से शुरू होगा।

वार्ता में आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश उपाध्यक्ष और विधायक ऋतुराज झा, उपाध्यक्ष और विधायक कुलदीप कुमार, उपाध्यक्ष और विधायक राजेश गुप्ता और उपाध्यक्ष जितेंद्र सिंह तोमर शामिल हुए। आप विधायक ऋतुराज झा ने कहा कि 'मैं भी केजरीवाल' हस्ताक्षर अभियान 1 से 30 दिसंबर तक चला। इस अभियान के तहत पार्टी कार्यकर्ता 23,82,122 घरों तक पहुंचने में कामयाब रहे।

लगभग 24 लाख घरों तक पहुंच कर हमने लोगों की राय ली। अगर एक घर में चार लोगों का परिवार मान लिया जाए तो हम लगभग 96 लाख लोगों से मिले। हमने उनके साथ विस्तार से चर्चा की। हमारे 'मैं भी केजरीवाल' डोर टू डोर कैंपेन को बड़े स्तर पर सफलता प्राप्त हुई है। जितना हमने सोचा था उससे कहीं ज्यादा पॉजिटिव रिजल्ट हमारे सामने आए हैं। हमारे इस अभियान को जनता का भरपूर प्यार और समर्थन प्राप्त हुआ है। मोदी सरकार ईडी और सीबीआई के दम पर हमें डराने में लगी हुई है लेकिन हमारे पास जनता का प्यार है। हम डरने वाले नहीं हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/ अश्वनी/अनूप

   

सम्बंधित खबर