जहां सेवा की उत्कृष्ट भावना है, वहीं श्री राम हैं : साध्वी ऋतम्भरा देवी

जहां सेवा की उत्कृष्ट भावना है, वहीं श्री राम हैं : साध्वी ऋतम्भरा देवीजहां सेवा की उत्कृष्ट भावना है, वहीं श्री राम हैं : साध्वी ऋतम्भरा देवी

- पावन अयोध्या में नवनिर्मित भव्य श्री राममंदिर राष्ट्र निर्माण का परिचायक

इंदौर, 7 जनवरी (हि.स.)। प्रसिद्ध कथावाचक साध्वी ऋतम्भरा देवी (दीदी मां) ने कहा कि जहां सेवा की उत्कृष्ट भावना है, वहीं श्री राम हैं। जिस दिन हमारा जीवन मर्यादित, शिक्षित व संस्कारित होगा, उस दिन राम राज्य भी आ जाएगा। पावन अयोध्या में नवनिर्मित भव्य श्री राममंदिर राष्ट्र निर्माण का परिचायक है।

साध्वी ऋतम्भरा देवी रविवार शाम को इंदौर में आयोजित सेवा भारती के सामूहिक एकत्रीकरण कार्यक्रम को संबोधित कर रही थीं। दीदी माँ ने सेवा भारती के कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि आज समाज में व्याप्त विद्वेष को दूर करने में सेवा भारती की प्रेम यात्रा ही काम आएगी।

दरअसल, 22 जनवरी को होने वाले इस ऐतिहासिक अवसर को माध्यम बनाते हुए सेवा भारती इंदौर ने श्री राम के आदर्शों का अनुसरण कर जुलाई माह में मेरी बस्ती मेरी अयोध्या का संकल्प लिया। इसमें इंदौर महानगर की ऐसी चयनित 353 बस्तियाँ जहां सेवा कार्यों की आवश्यकता थी, वहां समाज के उत्थान व प्रगति के लिए सेवा भारती के चारों आयाम - शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वावलंबन एवं सामाजिक से संबंधित विभिन्न सेवा गतिविधियां प्रारंभ करने का लक्ष्य दिसम्बर माह तक प्राप्त कर लिया। वर्तमान में सेवा भारती द्वारा इन बस्तियों में कुल 722 सेवा गतिविधियां संचालित हो रही हैं। इन सभी गतिविधियों के संचालन केंद्रों के पालक, संचालक/संचालिका तथा केंद्रों पर आने वाले बच्चों का सामूहिक एकत्रीकरण कार्यक्रम श्री रामोत्सव के रूप में रविवार को शाम चिमनबाग मैदान में आयोजित हुआ।

रामोत्सव का शंखनाद के साथ शुभारम्भ हुआ। इस दौरान ढोल मंजीरों की गूँज के साथ बस्तियों से टोलियां आई। कार्यक्रम में बस्तियों के 650 बच्चों ने प्रस्तुतियां दीं। इन बच्चों व इनके शिक्षक/शिक्षिकाओं की तीन महीनों से चल रही मेहनत, लगन व अभ्यास का परिणाम इंदौरवासियों को नियुद्ध, बाल अभिनय, अखाड़ा प्रदर्शन, नृत्य व सामूहिक भजन जैसी मनमोहक प्रस्तुतियों के रूप में देखने को मिला।

कार्यक्रम में आठ हजार से अधिक की संख्या में उपस्थित दर्शकों को दीदी माँ का आशीर्वाद मिला। कार्यक्रम की मुख्य वक्ता साध्वी ऋतम्भरा देवी ने अपने ओजस्वी उद्बोधन से दर्शकों को भावुक कर दिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उद्योगपति पवन सिंघानिया (मोयरा सरिया) थे। इस मौके पर प्रान्त संघचालक प्रकाश शास्त्री एवं डॉ मुकेश मोड (विभाग संघचालक राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ) उपस्थित थे। आभार सेवा भारती इंदौर अध्यक्ष मुकेश हजेला द्वारा प्रकट किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश

   

सम्बंधित खबर