फतेहाबाद: कम्प्यूटर लैब अटेंडेंट का शोषण कर रही है हरियाणा सरकार: सुरेन्द्र प्योंत

फतेहाबाद में कम्प्यूटर लैब अटेंडेंट कर्मचारी संघ की जिला कार्यकारिणी की बैठक आयोजित

फतेहाबाद, 15 जनवरी (हि.स.)। कम्प्यूटर लैब अटेंडेंट कर्मचारी संघ संबंधित भारतीय मजदूर संघ की जिला कार्यकारिणी की बैठक सोमवार को मॉडल टाऊन स्थित पपीहा पार्क में हुई। बैठक में फतेहाबाद जिले के ब्लॉक प्रधान एवं सक्रिय कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। बैठक में कम्प्यूटर लैब अटेंडेट कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर चर्चा की गई। बैठक में मुख्य वक्ता के तौर पर राज्य प्रधान सुरेंद्र प्योंत, प्रदेश महासचिव सुनील राणा और भारतीय मजदूर संघ के जिला मंत्री विपिन कुमार मौजूद रहे। बैठक की अध्यक्षता जिला प्रधान व प्रदेश मीडिया प्रभारी हरविंद्र सिंह ने की। बैठक में पिछले काम की समीक्षा और आगामी रणनीति पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए राज्य प्रधान सुरेंद्र प्योंत, राज्य महासचिव सुनील राणा और भारतीय मजदूर संघ के जिला मंत्री विपिन कुमार ने कहा कि कम्प्यूटर लैब अटेंडेंट पिछले 12 सालों से वर्षों से स्कूलों में अपनी सेवाएं दे रहे है। स्कूलों में सभी तरह के ऑनलाइन कार्य से लेकर कक्षाओं को पढ़ाने का कार्य करते है परंतु हरियाणा सरकार कम्प्यूटर लैब अटेंडेंट कर्मचारियों का आर्थिक व मानसिक शोषण कर रही है। शिक्षा विभाग कम्प्यूटर लैब अटेंडेंट के साथ भेदभाव कर रहा है, जिससे कंप्यूटर लैब अटेंडेंट कर्मचारी हताश और निराश है। अपने बच्चों का पालन पोषण करने में कठिनाइयों से जूझ रहा है। जिला प्रधान व प्रदेश मीडिया प्रभारी हरविंद्र सिंह ने बताया कि जल्दी ही सभी ब्लॉकों में बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें आगामी रणनीति बनाकर बड़े आंदोलन का आगाज किया जाएगा। कर्मचारियों के पास अपनी समस्याओं का समाधान करवाने के लिए आंदोलन के सिवाय कोई दूसरा रास्ता नहीं बचा है। इस मौके पर राज्य कार्यकारिणी सदस्य मेनपाल माचरा, प्रदीप शर्मा, सुंदर लेगा, तेजपाल जाखड़, रजनीश कुमार, सतबीर सुथार, संजय, प्रदीप, मदन लाल, जसपाल सिंह, गौरव कुमार, राजेंद्र कुमार, धीरज कुमार, रणबीर सिंह आदि उपस्थित थे

हिन्दुस्थान समाचार/अर्जुन/संजीव

   

सम्बंधित खबर