सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव से मिले सुनील जैन, इंदौर आगमन का दिया निमंत्रण

लखनऊ, 22 फ़रवरी (हि.स.)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से आज इंदौर के पूर्व सांसद एवं समाजवादी नेता कल्याण जैन के पुत्र सुनील कुमार जैन ने अपनी पत्नी विनीता जैन के साथ भेंट की और उन्हें इंदौर आने का निमंत्रण दिया। इनके साथ जैन सोशल ग्रुप इंदौर ग्रेटर के 25 अन्य दम्पतियों ने भी भेंट की। यह ग्रुप जैन तीर्थंकरों के जन्मस्थान एवं तीर्थ स्थलों के भ्रमण-दर्शन पर निकला है।

अखिलेश यादव ने बताया कि उनके पहले लोकसभा चुनाव 1999 में कल्याण जैन ने कन्नौज के चुनाव प्रचार की बागडोर सम्भाली थी। आर्थिक तथा राजनीतिक मामलों की उनमें गहरी समझ थी। देश की समस्याओं के समाधान में उनका अपना चिंतन था। वे आजीवन समाजवादी विचारधारा से जुड़े रहे। नेताजी मुलायम सिंह यादव के साथ उनका जीवन पर्यंत जुड़ाव रहा।

सपा अध्यक्ष ने कहा कि भारत की भूमि पवित्र है। यहां सभी धर्मों के तीर्थ स्थल हैं। आपसी सौहार्द एवं सद्भाव से लोक रहते है। आर्थिक प्रगति में भी योगदान रहता है। भारत मिली जुली संस्कृति वाला देश है। स्वामी विवेकानंद ने भी शिकागो के अपने सुप्रसिद्ध भाषण में कहा था कि भारत सहिष्णुता के लिए जाना जाता है। विदेशियों को भी भारतीय आदर्श आत्मसात करने में संकोच नहीं करना चाहिए। ‘जियो और जीने दो‘ के सिद्धांत पर भारत हमेशा से चलता आया है। यहां सभी धर्मों का सम्मान है। बौद्ध, जैन धर्म अहिंसावादी विचारधारा को मानने वाले भारतीय है। इन धर्मों का समाज पर गहरा असर रहा है। इन धर्मों के अनुयायी विदेशों में भी बड़ी संख्या में है।

अखिलेश यादव ने बताया कि उत्तर प्रदेश में भी बटेश्वर में तीर्थंकर का पवित्र स्थल है। इस क्षेत्र के विकास के लिए समाजवादी सरकार में कई योजनाएं आरम्भ की गई थी। उन्होंने कहा कि धर्म सच्चा रास्ता दिखाता है।

अखिलेश यादव जब उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री थे तब जनपद ललितपुर के जैन तीर्थस्थल शांतिनाथ देवगढ़ गए थे और वहां उन्होंने पूजा-अर्चना भी की थी। उत्तर प्रदेश में हस्तिनापुर मेरठ में 5 जैन प्रमुख तीर्थस्थल है, इनके अलावा भी जैनियों के अन्य पवित्र स्थान है।

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव से भेंट करने वालों में जैन सोशल ग्रुप इंदौर ग्रेटर के अध्यक्ष सुनील राखेचा, सचिव निलेश निधि वाफना, पूर्व अध्यक्ष गण अनिल राखेचा, सुधीर सेठी, विजय सक्सेना, गजेन्द्र सकलेचा, अनिल विराड़ी सहित उनके परिवारीजन भी शामिल थे।

हिन्दुस्थान समाचार/मोहित

/पदुम नारायण

   

सम्बंधित खबर