लोकतंत्र बचाने के लिए महारैली में शामिल होंगे 'इंडिया' के प्रमुख नेता, 'आप' ने तेज की तैयारी

नई दिल्ली, 26 मार्च (हि.स.)। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के समर्थन और लोकतंत्र को बचाने के लिए 31 मार्च को रामलीला मैदान में होने वाली इंडिया गठबंधन की महारैली ऐतिहासिक होगी। ‘आप’ के दिल्ली प्रदेश संयोजक गोपाल राय ने बताया कि दिल्ली के अंदर छात्र-युवा, आरडब्ल्यूए, एनजीओ, सामाजिक संगठनों को रैली में पहुंचने के लिए निमंत्रण दिया जा रहा है। 27 मार्च को दिल्ली के सभी पोलिंग स्टेशनों पर पदाधिकारी एवं पार्षद जनता के साथ बैठक करेंगे।

28 मार्च से 2600 टीमें घर-घर जाकर लोगों को रामलीला मैदान में आने के लिए निमंत्रण देंगी। मंत्रियों और विधायकों को ऑब्जर्वर बनाया गया है, जो विधानसभाओं में जाकर महारैली की तैयारियों की समीक्षा करेंगे। उन्होंने कहा कि आज अगर तानाशाह सरकार चुने हुए मुख्यमंत्री को उठा सकती है तो कल किसी भी आवाज उठाने वाले को उठा सकती हैं। अब यह लड़ाई देश के संविधान और लोकतंत्र से मोहब्बत करने वाले हर व्यक्ति की लड़ाई बन चुकी है।

उन्होंने कहा कि इस महारैली में पूरे देश से इंडिया गठबंधन के सभी प्रमुख नेता शामिल होने के लिए आ रहे हैं। दिल्ली समेत दूसरे राज्यों के लोग लाखों की तादाद में 31 मार्च को सुबह 10 बजे रामलीला मैदान पहुंचेंगे। इसकी तैयारी के लिए हमने अपनी रणनीति तेज कर दी है। 31 मार्च तक हम लोगों के बीच जाएंगे और इस तानाशाही के खिलाफ रामलीला मैदान में आकर शांतिपूर्वक अपनी आवाज बुलंद करने के लिए आह्वान करेंगे।

राय ने बताया कि आज हम दिल्ली की 70 विधानसभाओं में सभी विधायक, पार्षद और विधानसभा, वार्ड, मंडल, बूथ के पदाधिकारियों के साथ महारैली की तैयारी को लेकर बैठक करेंगे। 27 मार्च को दिल्ली के 2.5 हजार से ज्यादा पोलिंग स्टेशन पर विधानसभा के पदाधिकारी और पार्षद जनता के साथ रैली की तैयारी को लेकर तैयारी बैठक करेंगे। 28 मार्च से हर मंडल की टीम पर एक प्रभारी क नियुक्त किया जा रहा है, यानि कुल 2600 मंडल प्रभारी की नियुक्ति की जाएगी। रैली के लिए हर मंडल पर एक प्रभारी होगा। ये सभी 2600 प्रभारी मंडल स्तर पर अपनी टीम बनाकर 28 मार्च से घर-घर जाकर लोगों को रामलीला मैदान में आने के लिए निमंत्रण देंगे।

उन्होंने आगे कहा कि हम दिल्ली के सभी छात्र, युवा,किसान और मजदूरों के सामाजिक संगठन, आरडब्ल्यूए और व्यापारिक संगठनों को भी इस तानाशाही के खिलाफ लड़ाई में शामिल होने के लिए रामलीला मैदान पहुंचने के लिए निमंत्रण दे रहे हैं। हमारी सबसे अपील है कि आप लोग वहां पहुंचे क्योंकि आज अगर ये तानाशाह सरकार एक चुने हुए मुख्यमंत्री को गिरफ्तार कर सकती है तो कल इस दिल्ली के अंदर आवाज उठाने वाला कोई नहीं बचेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी/प्रभात

   

सम्बंधित खबर