रेस्टोरेंट मालिक की गोली मारकर हत्या

नई दिल्ली, 27 मार्च (हि.स.)। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के उस्मानपुर इलाके में एक अज्ञात व्यक्ति ने रेस्टोरेंट मालिक की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

डीसीपी डॉ जॉय टीर्की ने बताया कि मृतक की पहचान न्यू उस्मानपुर निवासी संजय के रूप में हुई है। संजय रेस्तरां चलाता था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

डीसीपी ने कहा कि मंगलवार रात 12:05 बजे मृतक के भाई नितिन को एक दोस्त ने सूचना दी कि संजय को न्यू उस्मानपुर के मंदिर वाली गली में गोली मार दी गई है। नितिन मौके पर पहुंचा, जहां उसने अपने भाई को घटनास्थल पर खून से लथपथ पाया। पीड़ित के सिर, दाहिने कंधे, दाहिनी कोहनी और पेट के दाईं ओर के हिस्से में चोट लगी थी। उसे जगप्रवेश चंद्र अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

डीसीपी के अनुसार शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जीटीबी अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया गया है। हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई है। जांच में पता चला कि घटना के वक्त संजय अपना रेस्टोरेंट बंद कर बाइक से घर जा रहा था। उसी दौरान रास्ते में उसने कुछ लोगों के साथ बातचीत की, जहां पर उसे गोली मारी गई।

जानकारी के अनुसार संजय हत्या के मामले में भी शामिल था। उसने अपने साथियों प्रदीप, बिजेन्द्र और भंवर सिंह के साथ मिलकर रविंदर नाम के युवक की हत्या कर दी थी। डीसीपी ने बताया कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। हत्यारों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। इलाके के सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं, ताकि आरोपितों की पहचान हो सके।

हिन्दुस्थान समाचार/ अश्वनी/दधिबल

   

सम्बंधित खबर