भाखड़ा नहर में गिरी होंडा सिटी कार, 50 मीटर दूर मिला पंजाब के युवक का शव

फतेहाबाद, 6 अप्रैल (हि.स.)। जिले के शहर टोहाना के समीप एक होण्डा सिटी के भाखड़ा नहर में गिरने से हडकम्प मच गया। इस बारे में सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और क्रेन की सहायता से कार को नहर से निकालने का काम शुरू करवाया।

साथ ही गोताखोरों की टीम बुलवाकर नहर में सर्च अभियान चलाया गया। इस दौरान गाड़ी से करीब 50 मीटर की दूरी पर पंजाब के एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ है।

मृतक की पहचान पंजाब के संगरूर क्षेत्र के लहरा गागा निवासी गगन के रूप में हुई है। मृतक गाड़ी में ही सवार था या नहीं, अभी यह क्लीयर नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

मिली जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह टोहाना के दमकौरा रोड पर कुछ लोगों ने भाखड़ा नहर में एक होंडा सिटी गाड़ी गिरी देखी। इसके बाद लोगों ने तुरंत इस बारे पुलिस को सूचित किया। बताया जा रहा है कि अल सुबह यह गाड़ी नहर की रेलिंग तोड़ते हुए अंदर जा गिरी। पुलिस ने तुरंत क्रेन को बुलाकर गाड़ी को नहर से बाहर निकाला लेकिन कार में कोई व्यक्ति सवार नहीं था। इस पर पुलिस ने गोताखोरों को बुलाकर नहर में सर्च अभियान शुरू करवाया।

गोताखोरों ने करीब 50 मीटर दूर नहर से एक व्यक्ति का शव बरामद किया। शव को नहर से बाहर निकालकर तलाशी ली गई, तो उसके पास मिले आईकार्ड से उसकी पहचान लहरागागा निवासी 30 वर्षीय गगनदीप के रूप में हुई। पुलिस ने पड़ताल की तो पता चला कि मृतक बठिंडा में विजा कंसलटेंसी का कार्य कर रहा था। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है।

हिन्दुस्थान समाचार/अर्जुन/सुमन

   

सम्बंधित खबर