रामबन जिले के रामसू में रविवार की दोपहर को एक स्कारपियो असंतुलित होकर हाईवे से नीचे गहरी खाई में जा गिरा।

रामबन में गहरी खाई में गिरी स्कारपियो
चार लोगों की मौत, पांच की हालत गंभीर
जम्मू
रामबन जिले के रामसू में रविवार की दोपहर को एक स्कारपियो असंतुलित होकर हाईवे से नीचे गहरी खाई में जा गिरा। इस हादसे में उसमें सवार कुल चार लोगों की मौत हो गई। जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का बनिहाल अस्पताल में इलाज चल रहा है। हादसे में स्कारपियो के परखच्चे उड़ गए। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार रामबन जिले के ही अलग अलग इलाके के कुल नौ लोग एक स्कारपियो में सवार होकर राष्ट्रीय राजमार्ग से कहीं जा रहे थे। जब वाहन रामसू इलाके में पहुंचा तो चालक का नियंत्रण वाहन से अचानक हट गया और बेकाबू स्कारपियो पलक झपकते ही गहरी खाई में जा गिरा। हादसे के बाद वहां चीख पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने खाई में उतर कर बचाव कार्य शुरू किया। बाद में मौके पर पुलिस और बचाव दल भी पहुंच गया। सभी ने मिलकर दुर्घटनाग्रस्त स्कारपियो सेे सभी नौ लोगों को बाहर निकाला। इनमें सेे दो की मौत मौके पर ही हो चुकी थी। बाकी सात को तुरंत प्राथमिक उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल पहुंचाया। फिर सभी को बनिहाल अस्पताल रेफर किया गया। वहां इलाज के दौरान दो और घायलों ने दम तोड़ दिया। बाकी का उपचार चल रहा है। मृतकों में नाचिलाना की रहने वाली हज्जा बेगम उम्र 60 और हिनिंगी निवासी अब्दुल राशिद के शव को रामसू अस्पताल में रखा गया है। इनके अलावा मृतकों में नील निवासी जाहिदा बेगम और शगन निवासी मुश्ताक अहमद शामिल हैं। चर्चा यह भी हो रही है भारी वर्षा के कारण सडक़ की खराब हालत के कारण यह दर्दनाक हादसा हुआ हो सकता है। हालांकि पुलिस ने अभी इस मामले में कुछ नहीं कहा है। केस दर्ज कर मामले की छानबीन की जा रही है। आसपास के लोगों से हादसे के बारे में जानकारी ली जा रही है।

सम्बंधित खबर