प्रधानमंत्री मोदी के विजन और जनता के सुझाव पर भाजपा का चुनावी संकल्प पत्र तैयार किया गया: अरुण सिंह

-भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री ने संकल्प पत्र के सभी बिंदुओं की विस्तार से दी जानकारी

बोले- 'भाजपा का संकल्प पत्र, मोदी की गारंटी', एनडीए 400 से अधिक सीटों पर दर्ज करेगी जीत

वाराणसी, 15 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने सोमवार को पार्टी का 76 पन्नों का चुनावी घोषणापत्र मीडिया के समक्ष पेश किया। सिगरा गुलाबबाग स्थित पार्टी कार्यालय में अरुण सिंह ने कहा कि 'भाजपा का संकल्प पत्र, मोदी की गारंटी' है। मोदी की गारंटी पूरी होने की गारंटी है। भाजपा जो कहती है उसे पूरा करती ही है।

राष्ट्रीय महासचिव ने संकल्प पत्र के सभी बिंदुओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विजन और जनता के सुझाव पर संकल्प पत्र 2024 को तैयार किया गया है। चुनावी घोषणा पत्र समिति को लगभग 15 लाख सुझाव मिले हैं। इसमें नमो ऐप से चार लाख, वीडियो से 10 लाख सुझाव मिले हैं। पूरे संकल्प पत्र को 24 समूहों में बांटा गया है। उन्होंने बताया कि 10 सोशल ग्रुप में गरीब, युवा, मध्यम वर्ग, मछुआरे, वंचित वर्ग, सीनियर सिटीजन पिछड़े एवं कमजोर वर्ग शामिल हैं। गवर्नेंस को 14 सेक्टर में बांटा गया है। इनमें भारत के अन्य देशों से संबंध, आंतरिक एवं बाहरी सुरक्षा, समृद्ध भारत, इज ऑफ लिविंग, विरासत का विकास, गुड गवर्नेंस, सुशासन, स्वस्थ भारत, शिक्षा, खेल, सभी सेक्टर्स का विकास इनोवेशन और टेक्नोलॉजी और पर्यावरण को रखा गया है।

अरुण सिंह ने कहा कि समान नागरिक संहिता के साथ एक देश एक चुनाव के संकल्प को लेकर भी भाजपा सरकार काम कर रही है। छात्रों को एक विशेष आइडेंटी कार्ड जारी करने की भी योजना बनाई गई है। मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के सहयोग से काम होगा। उन्होंने कहा कि भारतीय डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर का दुनिया भर में विस्तार किया जाएगा। योग और आयुर्वेद का दुनिया भर में विस्तार होगा। भारत से अवैध रूप से ले जाई गयी भारतीय मूर्तियों एवं कलाकृतियों को वापस लाया जाएगा। विश्व के प्रमुख उच्च शिक्षण संस्थानों में शास्त्रीय भारतीय भाषाओं के अध्ययन की व्यवस्था की जाएगी। भारत की सांस्कृतिक विरासत का विकास किया जाएगा।

वार्ता में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव ने दावा किया कि इस लोकसभा चुनाव में पार्टी को वर्ष 2019 लोकसभा चुनाव से भी अधिक वोट मिलेंगे। एनडीए 400 से अधिक सीटों पर जीत दर्ज करेंगी। वाराणसी में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी रिकॉर्ड मतों से जीत दर्ज कर केन्द्र में तीसरी बार सरकार बनाएंगे। चुनाव में विपक्ष का सुपड़ा साफ हो जाएगा। उन्होंने कहा कि 2017 के पहले उत्तर प्रदेश में भाजपा 14 वर्ष वनवास में थी। लेकिन 2014 में जब केंद्र में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सरकार बनी, उसके बाद 2017 के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने तीन चौथाई बहुमत हासिल करते हुए प्रचंड जीत हासिल की। एक प्रश्न के जवाब में अरुण सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था का राज है।

हिन्दुस्थान समाचार/श्रीधर/आकाश

   

सम्बंधित खबर