लोकसभा चुनाव: मप्र की 6 सीटों पर सुबह 11 बजे तक 30.46 फीसदी मतदान

भोपाल, 19 अप्रैल (हि.स.)। प्रदेश की छह लोकसभा सीटों के लिए शुक्रवार सुबह 07 बजे मतदान शुरू हुआ जो शाम 06 बजे तक जारी रहेगा। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शाम 04 बजे तक ही समय किया जा सकेगा। सुबह 7 बजे से 11 बजे तक चार घंटों में सभी सीटों पर औसत 30.46 प्रतिशत मतदान हुआ है। तेज धूप के चलते दोपहर में मतदान की गति धीमी होने की आशंका जताई जा रही है।

लोकसभा चुनाव के पहले चरण में मध्यप्रदेश की छह सीटों छिंदवाड़ा, जबलपुर, मंडला, बालाघाट, शहडोल और सीधी पर मतदान जारी है। सुबह 11 बजे तक बालाघाट में 35.64, छिंदवाड़ा में 32.51, जबलपुर में 27.41, मंडला में 32.03, शहडोल में 29.57 तथा सीधी में 26.03 प्रतिशत मतदान हुआ है। इन 6 सीटों पर 1.13 करोड़ से ज्यादा मतदाता 88 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला करेंगे। जबलपुर सीट पर सबसे ज्यादा 19 प्रत्याशी और सबसे कम 10 प्रत्याशी मंडला सीट पर हैं।

शहडोल के एक नक्सल प्रभावित बूथ पर सुबह 10 बजे के पहले 100 फीसदी वोटिंग हो गई। यहां 80 वोटर हैं। उधर, शहडोल, बालाघाट और सीधी के कुछ बूथों पर ग्रामीणों ने मतदान का बहिष्कार कर दिया। नक्सल प्रभावित बालाघाट के 3 विधानसभा क्षेत्र परसवाड़ा, लांजी और बैहर में सुबह 7 बजे से शाम 4 बजे तक वोटिंग होगी। नक्सल गतिविधियों के मद्देनजर जबलपुर में एयर एंबुलेंस और बालाघाट में हेलिकॉप्टर भी तैनात किया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार/ केशव/मयंक/संजीव

   

सम्बंधित खबर