केंद्रीय राज्यमंत्री के इशारे पर कार्य कर रहीं जिला निर्वाचन अधिकारी: सपा

- सपा प्रत्याशी ने लगाया आरोप, कहा - चुनाव कार्यालय को खोलने में रोड़ा अटका रहा जिला प्रशासन

मीरजापुर, 21 अप्रैल (हि.स.)। समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी राजेंद्र एस बिंद ने जिला निर्वाचन अधिकारी पर पक्षपात पूर्ण रवैया अपनाने का आरोप लगाया। कहा कि सदर तहसील क्षेत्र के भरुहना में अस्थायी चुनाव कार्यालय खोलने के लिए किए गए आवेदन को जिला प्रशासन ने निरस्त कर दिया गया।

कचहरी मार्ग पर स्थित लोहिया ट्रस्ट कार्यालय पर रविवार को पत्रकारों से वार्ता करते हुए सपा प्रत्याशी राजेंद्र एस बिंद ने जिला प्रशासन पर नियम विरूद्ध कार्य करने का आरोप लगाया। कहा कि जांच के नाम पर उनके वाहनों को बार-बार रोका जा रहा है। उनके चुनाव कार्यालय को खोलने में भी रोड़ा अटकाया जा रहा है। 227 मीटर दूर होने के बावजूद उसे 200 मीटर के दायरे में दिखाया जा रहा है।

उन्होंने आरोप लगते हुए कहा कि जिला निर्वाचन अधिकारी केंद्रीय राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल के इशारे पर काम कर रहीं हैं। भरुहना चौराहा पर अपना दल (एस) का कार्यालय पोलिंग बूथ से मात्र 50 मीटर की दूरी पर है। लेकिन विपक्ष होने के नाते मुझे वहां कार्ययालय खोलने पर मना किया जा रहा है। कहा कि अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसकी शिकायत चुनाव आयोग से की जाएगी। जरूरत पड़ी तो जिलाधिकारी कार्यालय का घेराव किया जाएगा। अन्याय, अत्याचार एवं तानाशाही रवैया को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार/गिरजा शंकर/बृजनंदन

   

सम्बंधित खबर