नित्य सम्पर्क व संवाद से बूथ विजय का लक्ष्य होगा पूर्ण: धर्मपाल सिंह

लखनऊ, 21 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने शनिवार को आजमगढ़ व लालागंज लोकसभा संचालन समिति के पदाधिकारियों के साथ बैठक में बूथ विजय पर मंत्रणा की। प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कहा कि भाजपा का लक्ष्य प्रत्येक बूथ पर पिछले चुनावों में मिले भाजपा के वोट में 370 अधिक वोट जोड़ने का है।

प्रदेश महामंत्री संगठन ने कहा कि नियमित प्रवास के साथ बूथ पर सक्रियता, सम्पर्क व संवाद से बूथ विजय का लक्ष्य पूर्ण होगा। प्रत्येक कार्यकर्ता को जिम्मेदारी तथा प्रत्येक बूथ पर मतदान के लिए प्रेरित करना है। भाजपा का लक्ष्य वैभवशाली राष्ट्र निर्माण तथा देश के नागरिकों को खुशाली है, जबकि विपक्ष का एजेंडा उनके परिवार की उन्नति है। सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण के संकल्प से गरीब, युवा, महिला, किसान के आर्थिक व सामाजिक विकास के लिए मोदी जी की गारंटी है।

धर्मपाल सिंह ने शनिवार को कहा कि भाजपा का संकल्प पत्र मोदी की गारंटी के साथ देश के सामने है। 400 पार का लक्ष्य प्राप्त करने के लिए प्रदेश की सभी 80 सीटें जीतना है, और 80 सीटें जितने के लिए हम सभी को अपना बूथ जितना है। बूथ की विजय के लिए बूथ की टीम पन्ना प्रमुखों सहित सभी को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व की योजनाओं व ऐतिहासिक निर्णय को प्रत्येक घर तक पहुंचाना है। मतदान पूर्ण होने तक प्रत्येक संगठनात्मक जिम्मेदारी को समर्पण, सहयोग व सामंजस्य के साथ निभाना है। उन्होंने कहा कि शक्तिकेन्द्रों पर पन्ना प्रमुख सम्मेलन अवश्य किये जाए। इसके साथ सभी वोटरों तक घर-घर सम्पर्क, परिवार पर्ची, मोदी जी का पत्र तथा वोटर पर्ची भी अवश्य पहुंचाने का काम करना है।

धर्मपाल सिंह ने कहा कि बूथ समिति की मजबूत संरचना विजय का अचूक मंत्र हैं। यही कारण है कि भाजपा का बूथ से लेकर केन्द्रीय स्तर तक का प्रत्येक पदाधिकारी पन्ना प्रमुख के रूप में बूथ समिति का सदस्य है। उन्होंने कहा कि विपक्ष मुद्दाविहीन है। सपा, बसपा और कांग्रेस गुंडागर्दी, तुष्टिकरण, भ्रष्टाचार व घोटालेबाजी के ब्रांड है तथा इनके नेता इसके ब्रांड एम्बेसडर हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/बृजनन्दन/आकाश

   

सम्बंधित खबर