'राइड विद प्राइड 3.0' महिला बाइक अभियान को हरी झंडी, कारगिल विजय दिवस को समर्पित अभियान शहीद परिवारों से करेगा संवाद
- Rahul Sharma
- Jul 19, 2026
जम्मू। स्टेट समाचार
खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले, सूचना प्रौद्योगिकी, युवा सेवा एवं खेल तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री सतीश शर्मा ने रविवार को 'राइड विद प्राइड 3.0 – वीरगाथा: कथा अमर बलिदानियों की' ऑल-वुमन मोटरबाइक अभियान को बलिदान स्तंभ, जम्मू से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। शक्ति उद्घोष फाउंडेशन द्वारा आयोजित यह अभियान कारगिल विजय दिवस के उपलक्ष्य में देश के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि देने के उद्देश्य से निकाला गया है। इस अवसर पर नगरोटा की विधायक देवयानी राणा भी उपस्थित रहीं। यह अभियान जम्मू से बिलावर, बनी और भद्रवाह होते हुए पुनः जम्मू लौटेगा। यात्रा के दौरान प्रतिभागी शहीदों के परिजनों से मुलाकात करेंगे, महत्वपूर्ण स्थलों का भ्रमण करेंगे तथा साहस, बलिदान, महिला सशक्तिकरण और राष्ट्रीय एकता का संदेश देंगे।
सतीश शर्मा ने अभियान को वीर सैनिकों के अदम्य साहस को समर्पित श्रद्धांजलि बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में देशभक्ति, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं, विशेषकर महिलाओं, को खेल, फिटनेस और साहसिक गतिविधियों से जोड़ने के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। विधायक देवयानी राणा ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह अभियान अधिक से अधिक महिलाओं को नेतृत्व और साहसिक गतिविधियों में भागीदारी के लिए प्रेरित करेगा।
संगीत वीडियो का विमोचन भी किया
बाद में मंत्री सतीश शर्मा ने अभिनव थिएटर स्थित राइटर्स क्लब में आकर्षित फिल्म्स ऑर्गेनिक द्वारा आयोजित समारोह में एक संगीत वीडियो का विमोचन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि संगीत, फिल्म और अन्य रचनात्मक कलाएं जम्मू-कश्मीर की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने और युवा प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने युवाओं को रचनात्मक क्षेत्र में नवाचार और उत्कृष्टता के लिए आगे आने का आह्वान किया।

