हिसार : गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय ने अंडर ग्रेजुएट व पोस्ट ग्रेजुएट कोर्सिज में दाखिलों की आवेदन तिथि बढ़ाई
- Vijesh Sharma
- Jun 09, 2026

दाखिलों को लेकर विद्यार्थियों में जबरदस्त उत्साह
कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने किए अंतिम तिथि बढ़ाने के आदेश जारी
हिसार, 09 जून । गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय
में अंडर ग्रेजुएट व पोस्ट ग्रेजुएट कोर्सिज में दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की
तिथि आठ जून से बढ़ाकर 16 जून कर दी गई है। विश्वविद्यालय के विभिन्न कोर्सिज में दाखिले
के लिए अब इच्छुक उम्मीदवार 16 जून तक आवेदन कर सकते हैं।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने मंगलवार काे बताया कि विश्वविद्यालय
के कोर्सों के प्रति विद्यार्थियों में जबरदस्त उत्साह है।विभिन्न
कोसों में दाखिलों के लिए विद्यार्थी लगातार आवेदन कर रहे हैं। विद्यार्थियों व अभिभावकों
ने भी विश्वविद्यालय के कोर्सों के आवेदन के लिए अंतिम तिथि बढ़ाने के लिए मांग की है।
विद्यार्थियों की जरूरत और अभिभावकों की मांग को देखते हुए विश्वविद्यालय ने दाखिले
के आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाने का निर्णय लिया है। बीएससी नर्सिंग व पोस्ट बेसिक बीएससी
नर्सिंग कोर्सों में दाखिले की अंतिम तिथि नहीं बढ़ाई गई है।
आठ जून शाम तक 12200 से अधिक आवेदन आए
गुजविप्रौवि में विभिन्न कोर्सों में दाखिले के रिकॉर्ड आवेदन आ चुके हैं।
शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए 8 जून की शाम तक विश्वविद्यालय में 3500 सीटों पर दाखिले
के लिए 12200 से अधिक आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। विश्वविद्यालय को पोस्ट ग्रेजुएट
कोर्सों में 2750 से अधिक तथा अंडरग्रेजुएट कोर्सों में 9200 से अधिक आवेदन प्राप्त
हुए हैं। इसके अतिरिक्त डिप्लोमा कोर्सों में भी भारी रुझान है। यह विश्वविद्यालय के
लिए गौरव का विषय है कि गुजविप्रौवि विद्यार्थियों की पहली पसंद बनकर उभरा है।

