पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा: दो दिनों में 20,921 अभ्यर्थी अनुपस्थित

पहले दिन 10,691, दूसरे दिन 10,230 ने छोड़ी परीक्षा; प्रशासन सख्त, सुरक्षा चाक-चौबंद*

गोरखपुर, 09 जून (हि.स.)। जनपद में उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा 8 जून से शुरू होकर 10 जून तक आयोजित की जा रही है। परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह मुस्तैद है। बावजूद इसके, पहले दो दिनों में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों की अनुपस्थिति ने प्रशासन का ध्यान खींचा है।

आंकड़ों के अनुसार, पहले दिन कुल 38,928 अभ्यर्थियों को परीक्षा देनी थी, जिनमें से 28,237 ही उपस्थित हुए, जबकि 10,691 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। प्रथम पाली में 19,464 में से 14,037 उपस्थित और 5,427 अनुपस्थित रहे। वहीं द्वितीय पाली में 14,200 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 5,264 गैरहाजिर रहे।

दूसरे दिन भी अनुपस्थिति का सिलसिला जारी रहा। प्रथम पाली में 19,464 में से 14,316 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए और 5,148 अनुपस्थित रहे। वहीं द्वितीय पाली में 19464 में से 14,382 अभ्यर्थी उपस्थित हुए, जबकि 5,082 ने परीक्षा नहीं दी। इस तरह दूसरे दिन कुल 10,230 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।

दो दिनों की चार पालियों को मिलाकर कुल 20,921 अभ्यर्थियों की अनुपस्थिति दर्ज की गई है, जो एक बड़ी संख्या है। प्रशासन इस पर नजर बनाए हुए है।

गौरतलब है कि जनपद में इस परीक्षा के लिए 44 केंद्र बनाए गए हैं। प्रत्येक पाली में 19,464 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। तीन दिनों में कुल 6 पालियों के माध्यम से 1,16,784 अभ्यर्थियों के परीक्षा देने का कार्यक्रम निर्धारित है। परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था लागू है। प्रवेश के दौरान सघन जांच, सीसीटीवी निगरानी और पुलिस बल की तैनाती की गई है। अभ्यर्थियों को समय से पहले केंद्र पर पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान भी लागू किया गया है।

डीआईजी, मंडलायुक्त, जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, एडीएम सिटी और एसपी सिटी सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने विभिन्न केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और केंद्र व्यवस्थापकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

प्रशासन का कहना है कि परीक्षा पूरी पारदर्शिता और सख्ती के साथ कराई जा रही है। पहले दो दिन परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई है, और शेष पालियों के लिए भी प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।

   

सम्बंधित खबर