अमरनाथ यात्रा के पहले 8 दिनों में 170 लाख श्रद्धालुओं ने किए बाबा बर्फानी के दर्शन श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता उपराज्यपाल
- Sanjay Kulshrestha
- Jul 10, 2026
श्रीनगर, 10 जुलाई: जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने शुक्रवार को बालटाल बेस कैंप पहुंचकर श्री अमरनाथ जी यात्रा-2026 की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और परेशानी मुक्त यात्रा सुनिश्चित की जाए। साथ ही अधिक किराया वसूलने, फर्जी पंजीकरण, धोखाधड़ी और श्रद्धालुओं के किसी भी प्रकार के शोषण के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने को कहा।
उपराज्यपाल ने कहा कि यात्रा में लगातार बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या से स्थानीय व्यापारियों, परिवहन सेवाओं, मजदूरों और यात्रा से जुड़े अन्य लोगों के लिए आजीविका के बेहतर अवसर पैदा हो रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कोई सेवा प्रदाता या सरकारी कर्मचारी श्रद्धालुओं के साथ धोखाधड़ी या शोषण करता पाया गया तो उसके खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज की जाए।
मनोज सिन्हा ने बालटाल यात्रा मार्ग पर व्यापक स्वच्छता ऑडिट कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि पूरे यात्रा मार्ग पर स्वच्छता और साफ-सफाई के उच्चतम मानकों को बनाए रखते हुए श्रद्धालुओं को निर्बाध पेयजल उपलब्ध कराया जाए। बैठक में अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा, स्वास्थ्य, आवास, स्वच्छता, बिजली और पेयजल की व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए यात्रा मार्ग पर आरओ आधारित पेयजल सुविधाओं को भी काफी मजबूत किया गया है।
उपराज्यपाल से बातचीत के दौरान श्रद्धालुओं ने प्रशासन, श्री अमरनाथजी श्राइन बोर्ड, पुलिस, सेना और अन्य सुरक्षा एजेंसियों द्वारा की गई व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए यात्रा को सुचारु और व्यवस्थित बताया।
देशभर के श्रद्धालुओं से यात्रा में शामिल होने की अपील करते हुए उपराज्यपाल ने बताया कि यात्रा के पहले आठ दिनों में लगभग 1.70 लाख श्रद्धालु पवित्र गुफा में बाबा बर्फानी के दर्शन कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि बिना पूर्व पंजीकरण के पहुंचे बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं को भी प्रशासन ने सफलतापूर्वक यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराई है।
उन्होंने बताया कि बालटाल और चंदनवाड़ी में स्थापित 100-100 बिस्तरों वाले अस्पताल 24 घंटे कार्यरत हैं और प्रतिदिन लगभग 1,300 से 1,400 बाह्य रोगियों (ओपीडी) का उपचार कर रहे हैं, जिससे श्रद्धालुओं को समय पर चिकित्सा सुविधा मिल रही है।
उपराज्यपाल ने श्रद्धालुओं से प्रशासन और श्री अमरनाथजी श्राइन बोर्ड द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की। उन्होंने आश्वस्त किया कि पूरी प्रशासनिक व्यवस्था 24 घंटे श्रद्धालुओं की सहायता और सुरक्षित एवं आरामदायक यात्रा सुनिश्चित करने के लिए तत्पर है।
समीक्षा बैठक में श्री अमरनाथजी श्राइन बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) डॉ. मंदीप के. भंडारी सहित नागरिक प्रशासन, पुलिस, सेना, सुरक्षा एजेंसियों और यात्रा से जुड़े विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

