पुंछ जिले में एलओसी के पास 25 करोड़ रुपये से अधिक की 5 किलो हेरोइन बरामद एक तस्कर गिरफ्तार
- Sanjay Kulshrestha
- Jul 18, 2026
जम्मू, 18 जुलाई: जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा (LoC) के पास नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 5 किलोग्राम उच्च गुणवत्ता वाली हेरोइन बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 25 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है।
अधिकारियों के अनुसार यह बरामदगी हवेली तहसील के सीमावर्ती गांव कोसालियां (Kosalyain) में सुनियोजित एंटी-ड्रग ऑपरेशन के दौरान की गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हेरोइन की यह खेप सीमा पार से तस्करी कर लाई गई थी, जिसे एक संगठित अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क के माध्यम से जम्मू-कश्मीर के अंदरूनी इलाकों तक पहुंचाया जाना था।
कार्रवाई के दौरान एक संदिग्ध तस्कर को गिरफ्तार किया गया है। सुरक्षा एजेंसियां अब इस खेप के स्थानीय रिसीवर, सीमा पार बैठे संचालकों तथा पूरे तस्करी नेटवर्क की पहचान में जुटी हैं।
अधिकारियों ने बताया कि पाकिस्तान स्थित तस्कर और उनके हैंडलर लंबे समय से सीमा मार्गों के जरिए मादक पदार्थों की तस्करी की कोशिश करते रहे हैं। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि ऐसे नेटवर्क का इस्तेमाल कई बार आतंकी गतिविधियों के लिए धन जुटाने में भी किया जाता है।
एनसीबी और अन्य सुरक्षा एजेंसियां मामले की विस्तृत जांच कर रही हैं तथा पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए अभियान जारी है।

