वाराणसी के नवविस्तरित वार्डो में व्यावसायिक भवनों से सम्पत्ति कर वसूलने को होगा सर्वे
- Admin Admin
- Jun 06, 2025

—महापौर, नगर आयुक्त ने की विभागीय अधिकारियों संग की समीक्षा बैठक
वाराणसी, 06 जून (हि.स.)। वाराणसी के शहरी क्षेत्र के नवविस्तरित वार्डो में बने व्यावसायिक भवनों से सम्पत्ति कर वसूलने के लिए अब सर्वे होगा। सर्वे कराकर अनावासीय भवनों के बिल निर्गत कर सम्पत्ति कर वसूलने का निर्देश महापौर अशोक तिवारी और नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने शुक्रवार को दिया।
स्मार्ट सिटी के सभागार में विभागीय अधिकारियों संग समीक्षा बैठक कर महापौर और नगर आयुक्त ने अलईपुर सिटी रेलवे स्टेशन के पास, महमूरगंज रेडियो स्टेशन के पास दोनों पटरियों पर, कबाड़ी मार्केट तथा पॉपुलर हॉस्पिटल के पास अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया। महापौर ने सबसे पहले जोनल अधिकारियों से उनके जोन में नालों पर किए गए अतिक्रमण हटाने की प्रगति की जानकारी ली। महापौर ने सभी को निर्देशित किया कि एक सप्ताह में सभी चिन्हित नालों पर से अतिक्रमण हटा कर अनापत्ति प्रमाणपत्र देंगे। महापौर ने जयप्रकाश नगर में रेलवे द्वारा सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फेंकने पर नोटिस भेजने के लिए नगर स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देशित किया। सीवर लाइन सफाई के प्रगति की जानकारी जलकल महाप्रबंधक से ली।
महापौर ने नगर निगम के मुख्य अभियंता और महाप्रबंधक जलकल को निर्देशित किया कि गुरुबाग त्रिमुहानी, तेलियाबाग त्रिमुहानी, गुरुबाग, अंधरापुल, भदऊ चुंगी डॉट पुल के पास निरीक्षण कर लें। इन स्थानों पर पूर्व के वर्षों में जलजमाव होती थी, अतः इन स्थानों पर विशेष सफाई कराई जाए। उन्होंने नगर निगम की शत प्रतिशत दुकानों से किराया वसूलने के निर्देश दिए। आगामी दिनों होने वाले वृक्षारोपण की तैयारियों के बारे में समीक्षा की गई।
बैठक में अपर नगर आयुक्त सुभाष सिंह, मुख्य अभियंता मोइनुद्दीन, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा0 सुरेन्द्र कुमार चौधरी, महाप्रबंधक जलकल अनूप सिंह, संयुक्त नगर आयुक्त कृष्ण चंद्र, अपर नगर आयुक्त मनोज सिंह आदि मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी