आसनसोल में पंचपुलिया में जलजमाव की समस्या दूर करने को विभिन्न विभागों ने किया संयुक्त निरीक्षण
- DSS Admin
- Jun 09, 2026
आसनसोल, 09 जून (हि.स.)।
आसनसोल उत्तर के भारतीय जनता पार्टी विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी की पहल पर मंगलवार को आसनसोल के पंचमाथा पुल क्षेत्र का संयुक्त निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में एडीडीए, जिला प्रशासन, आसनसोल नगर निगम, पुलिस प्रशासन तथा विभिन्न सरकारी विभागों के अधिकारी शामिल हुए।
पंचपुलिया क्षेत्र में हर वर्ष बरसात के दौरान जलजमाव की गंभीर समस्या उत्पन्न होती है, जिससे आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसी समस्या के स्थायी समाधान के उद्देश्य से संबंधित विभागों के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और आवश्यक उपायों पर चर्चा की।
इस संबंध में आसनसोल नगर निगम के मुख्य अभियंता भास्कर बनर्जी ने बताया कि मानसून से पहले पंचमाथा पुल क्षेत्र का निरीक्षण किया गया है। उन्होंने कहा कि जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने और बरसात के दौरान पानी जमा होने की समस्या को रोकने के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की गई है।
उन्होंने बताया कि प्रशासन का प्रयास है कि आगामी बरसात से पहले आवश्यक कदम उठाए जाएं, ताकि पंचपुलिया क्षेत्र में जलजमाव की समस्या को काफी हद तक कम किया जा सके और लोगों को राहत मिले।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने क्षेत्र की जल निकासी व्यवस्था, नालों की स्थिति तथा अन्य तकनीकी पहलुओं का भी अवलोकन किया। प्रशासन ने आश्वासन दिया कि समस्या के समाधान के लिए सभी संबंधित विभाग समन्वित रूप से कार्य करेंगे।
---------------

