एंटी करप्शन टीम ने चित्रकूट में लेखपाल-मुंशी को 20 हजार रिश्वत लेते किया गिरफ्तार
- DSS Admin
- Jun 09, 2026
-चित्रकूट में हुई कार्रवाई से मचा राजस्व विभाग में हडकंप
चित्रकूट, 09 जून (हि.स.)। जिले में एंटी करप्शन टीम ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए एक लेखपाल और उसके निजी मुंशी को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। इस गिरफ्तारी के बाद राजस्व विभाग में हड़कंप मच गया है। टीम दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
यह मामला रैपुरा थाना क्षेत्र के एक गांव से जुड़ा है। यहां एक किसान की कृषि भूमि से संबंधित प्रकरण चल रहा था। आरोप है कि लेखपाल और उसका मुंशी किसान की जमीन से धारा 80 को निरस्त कर उसे कृषि श्रेणी में परिवर्तित कराने के नाम पर 20 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहे थे। वे लगातार किसान पर पैसे देने का दबाव बना रहे थे। रिश्वत की मांग से परेशान होकर किसान ने एंटी करप्शन टीम की बांदा इकाई से शिकायत की। शिकायत की पुष्टि के बाद टीम ने आरोपियों को पकड़ने के लिए एक योजना बनाई। तय रणनीति के तहत किसान को रिश्वत की रकम के साथ भेजा गया। जैसे ही आरोपियों ने किसान से रिश्वत के पैसे लिए, पहले से मौके पर मौजूद एंटी करप्शन टीम ने उन्हें तत्काल गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान लेखपाल रविशंकर द्विवेदी और उसके निजी मुंशी लवलेश पांडे के रूप में हुई है। टीम ने मौके से रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली है।
सूत्रों के अनुसार, दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर आवश्यक दस्तावेजी कार्रवाई पूरी की गई है। उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
एंटी करप्शन टीम की इस कार्रवाई को जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। प्रशासनिक हलकों में भी इसकी चर्चा है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सरकारी कार्यों के बदले रिश्वत मांगने वाले किसी भी कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा और भ्रष्टाचार के मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

