रामबन में बारिश के बीच उपायुक्त ने एनएच-44 और संवेदनशील क्षेत्रों का किया निरीक्षण

जम्मू। स्टेट समाचार
लगातार हो रही बारिश और प्रतिकूल मौसम को देखते हुए उपायुक्त रामबन मोहम्मद इलियास खान ने रविवार को जिले के विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों का दौरा कर हालात का जायजा लिया। उन्होंने नाशरी भूस्खलन स्थल सहित राष्ट्रीय राजमार्ग-44 का निरीक्षण कर सड़क बहाली और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। उपायुक्त ने सभी उपमंडल अधिकारियों (एसडीएम) और तहसीलदारों को अपने-अपने क्षेत्रों में मौजूद रहने, 24 घंटे स्थिति पर नजर रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने एनएचएआई, बीआरओ/बीकॉन, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) और पीएमजीएसवाई के अधिकारियों को प्रभावित सड़कों की शीघ्र बहाली के लिए पर्याप्त मशीनरी और मानवबल तैनात करने को कहा, ताकि राष्ट्रीय राजमार्ग सहित अन्य प्रमुख मार्गों पर यातायात जल्द सामान्य हो सके।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य सेवाओं और आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता की भी समीक्षा की तथा संबंधित विभागों को इन सेवाओं की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि मौसम से उत्पन्न किसी भी स्थिति से निपटने के लिए जिला प्रशासन ने सभी आवश्यक विभागों और बहाली एजेंसियों को सक्रिय कर दिया है तथा जिला नियंत्रण कक्ष को 24 घंटे निगरानी और सहायता के लिए संचालित किया जा रहा है। उपायुक्त ने चंद्रकोट स्थित यात्री निवास और अन्य ठहराव स्थलों का भी निरीक्षण किया, जहां श्री अमरनाथ यात्रा अस्थायी रूप से स्थगित होने के बाद श्रद्धालु ठहरे हुए हैं। उन्होंने आवास, भोजन, पेयजल, स्वच्छता, चिकित्सा सुविधाओं और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लेकर अधिकारियों को यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने आम जनता से मौसम संबंधी एडवाइजरी का पालन करने, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में अनावश्यक यात्रा से बचने और किसी भी आपात स्थिति में जिला नियंत्रण कक्ष या निकटतम प्रशासनिक कार्यालय से तुरंत संपर्क करने की अपील की। निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त उपायुक्त वरुणजीत सिंह चरक, एसएसपी रामबन अरुण गुप्ता, एसएसपी ट्रैफिक एनएचडब्ल्यू राजा आदिल हमीद, एनएचएआई के परियोजना निदेशक शुभम यादव तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।

   

सम्बंधित खबर