सांबा में फिर रेल हादसा राजधानी एक्सप्रेस की चपेट में आने से महिला की मौत
- MILAN SINGH JAMWAL
- Sep 29, 2026
सांबा। सांबा जिले में एक और दर्दनाक रेल हादसे में एक महिला की मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार महिला राजधानी एक्सप्रेस की चपेट में आ गई, जिससे उसकी जान चली गई।
घटना की जानकारी मिलने के बाद संबंधित पुलिस एवं रेलवे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। महिला की पहचान तथा वह किन परिस्थितियों में ट्रेन की चपेट में आई, इस संबंध में विस्तृत जानकारी का इंतजार है।
गौरतलब है कि सांबा में कुछ ही दिन के भीतर यह दूसरी जानलेवा रेल दुर्घटना सामने आई है। इससे पहले 27 सितंबर को सांबा में बारा गांव निवासी अजीत कुमार की भी चलती ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई थी। अधिकारियों के अनुसार अजीत कुमार रेलवे ट्रैक पार कर रहा था, तभी तेज रफ्तार ट्रेन ने उसे चपेट में ले लिया था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मेडिको-लीगल औपचारिकताएं पूरी करने के साथ जांच शुरू की थी।
लगातार सामने आई इन दोनों घटनाओं ने सांबा क्षेत्र में रेलवे ट्रैक के आसपास सुरक्षा और लोगों द्वारा ट्रैक पार करने के दौरान बरती जाने वाली सावधानी के मुद्दे को फिर सामने ला दिया है।

