नंदपुरी में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई दूसरे दिन भी जारी, हटाए एक दर्जन से अधिक अतिक्रमण
- DSS Admin
- Jun 09, 2026
जयपुर, 09 जून (हि.स.)। नंदपुरी में सड़क चौड़ा करने के लिए जयपुर विकास प्राधिकरण की मंगलवार को दूसरे दिन भी कार्रवाई जारी रही। यह कार्रवाई नंदपुरी अंडरपास से रेलवे लाइन के समानांतर बनी सड़क की चौड़ाई 80 फीट करने के लिए की जा रही है। क्षेत्र में धारा 163 लागू है। मंगलवार को जेडीए की प्रवर्तन शाखा, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में एक दर्जन से अधिक अवैध निर्माण हटाए गए।
जेडीए दस्ते ने सबसे पहले सड़क सीमा में आ रहे अवैध निर्माणों को चिह्नित किया, इसके बाद उन्हें हटाना शुरू किया। इस दौरान सड़क क्षेत्र में बने एक धार्मिक स्थल की दीवार और चबूतरे को हटाया गया। अन्य स्थानों पर पूर्व में हटाए गए निर्माणों और धार्मिक स्थलों के मलबे को भी साफ कराया गया। इससे पहले सोमवार को 5 धार्मिक स्थल समेत 128 अवैध निर्माण हटाए गए थे। जेडीए की कार्रवाई के दौरान प्रशासन ने पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में रखा। बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी, स्पेशल टास्क फोर्स के जवान और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए कार्रवाई क्षेत्र में आम लोगों की आवाजाही सीमित कर दी गई। किसी को भी कार्रवाई स्थल के आसपास रुकने की अनुमति नहीं दी गई।
जेडीए अधिकारियों ने बताया कि सड़क सीमा में आने वाले अवैध निर्माणों को हटाकर क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और मास्टर प्लान के अनुरूप विकास कार्य को गति देने का प्रयास किया जा रहा है। हालांकि कुछ निर्माण कर्ताओं द्वारा कोर्ट से स्टे ले लिया गया है। इसकी वजह से उनके इन्हें नहीं हटाया गया है।
---------------

