रेलवे स्टेशनों पर यात्री होल्डिंग एरिया विकसित करने की योजना को मंज़ूरी
- Admin Admin
- Oct 30, 2025
-उत्तर मध्य रेलवे के चार और स्टेशन हुए नामितप्रयागराज, 30 अक्टूबर (हि.स.)। रेल मंत्री ने विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर यात्री होल्डिंग एरिया विकसित करने की योजना को मंज़ूरी दी है। यह निर्णय नई दिल्ली स्टेशन पर यात्री होल्डिंग एरिया की सफलता को देखते हुए लिया गया है। यह जानकारी गुरूवार को सीपीआरओ शशि कांत त्रिपाठी ने दी।
उन्होंने बताया कि होल्डिंग एरिया की मदद से नई दिल्ली स्टेशन दिवाली और छठ के दौरान होने वाली अत्यधिक भीड़ को आसानी से संभाल सका है। होल्डिंग एरिया का निर्माण चार महीने के भीतर पूरा कर लिया गया। होल्डिंग एरिया मॉड्यूलर डिजाइन में होंगे। इनका निर्माण स्थानीय परिस्थितियों को ध्यान में रखकर किया जाएगा। रेल मंत्री ने निर्देश दिया है कि सभी होल्डिंग एरिया 2026 के त्यौहारी सीज़न से पहले ही बन जाने चाहिए।
वरिष्ठ जनसम्पर्क अधिकारी अमित मालवीय ने बताया कि उत्तर मध्य रेलवे के चार और स्टेशन कानपुर सेंट्रल, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, मथुरा एवं आगरा कैंट पर भी होल्डिंग एरिया बनाने की मंजूरी दी गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र



