असम भाजपा मुख्यालय में पंडित दीनदयाल की जयंती पर परिचर्चा का आयोजन

- मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप सैकिया ने लिया हिस्सा

गुवाहाटी, 25 सितंबर (हि.स.)। भारतीय जनसंघ के संस्थापकों में से एक, एकात्म मानववाद के प्रवर्तक, कुशल संगठनकर्ता और भारतीय जनता पार्टी के मार्गदर्शक पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर गुरुवार काे असम प्रदेश भाजपा मुख्यालय अटल बिहारी वाजपेयी भवन में परिचर्चा का आयोजन किया गया। परिचर्चा कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप सैकिया की उपस्थिति में पार्टी कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। सुबह के सत्र में पार्टी के मुख्य कार्यालय में मुख्यमंत्री डॉ. सरमा ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि, 'राष्ट्रीय एकता, समाज सेवा और मूल्यों के विचारों से हमें प्रेरित करने वाले महान भारतीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय को श्रद्धा के साथ स्मरण कर रहा हूं।'

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय जीवनशैली की आत्मा, संस्कृति, परंपरा को सशक्त रूप में स्थापित करने में उनका योगदान अन्नय और विशिष्ट था। राजनीतिक जीवनदर्शन में भी वह हमारे लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। उनके आदर्शों और सपनों के मार्ग पर चलकर हम एक सशक्त समाज बनाने का प्रयास कर रहे हैं। साथ ही, मुख्यमंत्री ने उल्लेख किया कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का दर्शन अंत्योदय और गरीब कल्याण के संदर्भ में केंद्र और राज्य सरकार ने विभिन्न जनहितकारी योजनाएं अपनाई हैं।

वहीं, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप सैकिया ने कहा कि हमारा राष्ट्रीयता का आधार 'भारत माता' है। प्रखर राष्ट्रवादी, भारतीय जन संघ के प्रमुख संस्थापक, महासचिव तथा बाद में जन संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में कार्यभार संभालने वाले मां भारती के आजन्म सेवक, युगदृष्टा पंडित दीनदयाल उपाध्याय को उनकी जयंती पर श्रद्धा के साथ स्मरण करते हैं। सैकिया ने कहा कि, जो दर्शन हमें प्रेरित करता है वह एकात्म मानव दर्शन है और उसी दर्शन को अपनाने वाली पार्टी है भारतीय जनता पार्टी। 'एक भारत श्रेष्ठ भारत' गढ़ने के लिए हम हमेशा चरैवेति चरैवेति मंत्र के साथ आगे बढ़ रहे हैं। पंडित दीनदयाल उपाध्याय का एक और विचार था कि हमें मानव जाति के बारे में विश्व के समस्त जीव-जगत के लिए सोचना चाहिए।

कार्यक्रम में केंद्रीय विदेश और वस्तु राज्य मंत्री पवित्र मार्घेरिटा, राज्य संगठन के सांगठनिक सचिव जीआर रवींद्र राजू, उपाध्यक्ष अशोक भट्टाचार्य, जूरी शर्मा बोरदलोई सहित बड़ी संख्या में पार्टी के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

   

सम्बंधित खबर