गुवाहाटी, 15 नवंबर (हि.स.)। असम राजभवन में राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य के निर्देशन में शनिवार काे एक भारत-श्रेष्ठ भारत पहल के तहत झारखंड स्थापना दिवस मनाया गया। कार्यक्रम के दौरान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर जनजातीय गौरव दिवस भी मनाया गया तथा उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए गए।
कार्यक्रम में राज्यपाल के आयुक्त एवं सचिव एसएस मीनाक्षी सुंदरम, राजभवन के वरिष्ठ अधिकारी तथा झारखंड के प्रतिनिधि शामिल हुए। इस अवसर पर सुंदरम ने कहा कि बिरसा मुंडा की प्रेरक विरासत पूरे देश की जनजातीय समुदायों को जोड़ती है। उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा की जयंती सांस्कृतिक आदान-प्रदान और एकता का संदेश देती है।
उन्होंने झारखंड की समृद्ध जनजातीय संस्कृति, परंपराओं और प्राकृतिक धरोहर को देश की एकता के महत्वपूर्ण अंग के रूप में रेखांकित किया। असम राजभवन द्वारा आयोजित कार्यक्रम में झारखंड के राज्यत्व प्राप्ति से लेकर जनजातीय अधिकारों, पर्यावरण संरक्षण और सांस्कृतिक संवर्धन की दिशा में उसके प्रयासों को प्रदर्शित किया गया।
राजभवन असम विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के स्थापना दिवस नियमित रूप से मनाता है, जिससे राष्ट्रीय सद्भाव और सांस्कृतिक एकता को मजबूत करने की भावना को बल मिलता है।
----------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश



