प्लास्टिक मुक्त गुरुग्राम अभियान के तहत चलाया जागरुकता व चालान अभियान

गुरुग्राम, 3 जून (हि.स.)। नगर निगम गुरुग्राम द्वारा चलाए जा रहे स्वच्छता पखवाड़ा के तीसरे दिन मंगलवार को प्लास्टिक मुक्त गुरुग्राम अभियान का आयोजन किया गया। इस अभियान का उद्देश्य नागरिकों को सिंगल यूज प्लास्टिक के प्रयोग से दूर रखना और पर्यावरण के प्रति जागरूक बनाना रहा।

नगर निगम की टीमों ने शहर के प्रमुख बाजारों, सब्जी मंडियों और सार्वजनिक स्थलों पर व्यापक स्तर पर जन जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान नागरिकों को सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई और लोगों को पॉलीथिन के स्थान पर कपड़े या जूट के थैले उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। अभियान के दौरान जहां एक ओर जन जागरूकता पर जोर दिया गया, वहीं नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई भी की गई।

टीम ने सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग के पांच मामलों में चालान जारी कर पांच किलोग्राम प्लास्टिक जब्त किया। इसके साथ ही सार्वजनिक स्थान पर कचरा फैलाने के एक मामले में भी चालान किया गया। कुल मिलाकर 3,000 रुपये की राशि के छह चालान मौके पर ही वसूले गए। नगर निगम गुरुग्राम के आयुक्त प्रदीप दहिया ने कहा कि स्वच्छता पखवाड़ा केवल सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य नागरिकों में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जिम्मेदार नागरिकता की भावना को बढ़ावा देना भी है। उन्होंने अपील की कि नागरिक प्लास्टिक का प्रयोग त्याग कर पर्यावरण अनुकूल विकल्पों को अपनाएं।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

   

सम्बंधित खबर