बलिया, 09 जून (हि.स.)। बलिया के बांसडीह रोड क्षेत्र में बाबा बालखण्डी नाथ मंदिर, दिउली में आयोजित श्री शिव महापुराण कथा के पहले दिन मंगलवार को आस्था सैलाब उमड़ पड़ा। विशाल पंडाल में जुटे लाखों श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ का पूजन-अर्चन कर कथा श्रवण करते दिखे।
भगवान शिव की महिमा, सनातन संस्कृति एवं धर्म के प्रति जनमानस की आस्था को समर्पित यह आयोजन परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह के द्वारा कराया जा रहा है।
अंतरराष्ट्रीय कथावाचक पं. प्रदीप मिश्रा (सीहोर वाले) के श्रीमुख से कथा के पहले दिन श्रद्धालुओं का अपार उत्साह एवं भक्ति भाव देखने को मिला। भारी संख्या में जुटे श्रद्धालुओं में बिहार व कई अन्य राज्यों से भी लोग हैं जो दो दिन पहले ही पंडाल में स्थान बना लिए थे। पहले से हुई व्यवस्था की समीक्षा के बाद मंगलवार को आयोजकों को पंडाल में वृद्धि का निर्णय लेना पड़ा। कथा प्रारम्भ करते हुए पं. प्रदीप मिश्र ने पौराणिक व ऐतिहासिक धरती बलिया का बखान करते हुए कहा कि 'बलिया की बिंदी और भारत की हिन्दी की प्रतिष्ठा पूरी दुनिया में है'। उन्होंने कहा कि शिव महापुराण की कथा सुनने वाले कभी जीवन में निराश नहीं होते। उन्होंने श्रद्धालुओं से प्रतिदिन एक लोटा जल भगवान शिव पर अर्पित करने के लिए प्रेरित किया। कहा कि शिव ही जगत का कल्याण करेंगे। इसके पहले परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने प्रदीप मिश्र का स्वागत किया।
---------------

