मुख्यमंत्री मोतीडूंगरी गणेश मंदिर की महाआरती में करेंगे सहभागिता
- DSS Admin
- Jun 09, 2026
जयपुर, 09 जून (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित किए जा रहे विशेष अभियान ‘12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के’ के अंतर्गत बुधवार को प्रदेशभर के मंदिरों में महाआरती का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा बुधवार सुबह 8 बजे जयपुर स्थित मोती डूंगरी गणेश मंदिर में आयोजित महाआरती में शामिल होकर पूजा-अर्चना करेंगे। इसके साथ ही प्रदेश के विभिन्न जिलों और नगरों के मंदिरों में भी जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में सामूहिक महाआरती का आयोजन किया जाएगा।
यह कार्यक्रम 5 जून से 21 जून तक चलने वाले विशेष जनसंपर्क एवं जनजागरूकता अभियान का हिस्सा है। अभियान के तहत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 12 वर्ष के कार्यकाल में हुए विकास कार्यों, जन कल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
अभियान के दौरान महाआरती के अलावा जनजागरूकता कार्यक्रम, पर्यावरण संरक्षण गतिविधियां, स्वास्थ्य संवर्धन अभियान, पौधारोपण, स्वच्छता कार्यक्रम तथा अन्य जनकल्याणकारी आयोजन भी किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाना तथा विकसित भारत के संकल्प को अधिक सशक्त बनाना है।
आयोजकों के अनुसार प्रदेशभर में आयोजित होने वाले इन कार्यक्रमों में सामाजिक, धार्मिक एवं जनप्रतिनिधि वर्ग की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है, जिससे विकास और जनकल्याण के संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जा सके।
---------------

