भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने जम्मू में जनप्रतिनिधियों और नेताओं के साथ की बैठक, बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर
- Rahul Sharma
- Jul 08, 2026
जम्मू। स्टेट समाचार
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने मंगलवार को त्रिकुटा नगर स्थित पार्टी मुख्यालय में जम्मू-कश्मीर के सांसदों, विधायकों, पूर्व विधायकों, पूर्व विधान परिषद सदस्यों, प्रदेश महासचिवों, पूर्व जिला विकास परिषद (डीडीसी) सदस्यों तथा पूर्व ब्लॉक विकास परिषद (बीडीसी) सदस्यों के साथ बैठक की। बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं जम्मू-कश्मीर प्रभारी तरुण चुघ, प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद सत शर्मा, केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुनील शर्मा तथा पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. निर्मल सिंह भी उपस्थित रहे। बैठक को संबोधित करते हुए नितिन नवीन ने जम्मू-कश्मीर की वर्तमान सामाजिक और राजनीतिक परिस्थितियों के साथ-साथ आने वाले महीनों के लिए संगठनात्मक रणनीति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका अनुशासित संगठन और समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि जनप्रतिनिधियों और संगठन के कार्यकर्ताओं को एक टीम की तरह मिलकर काम करना चाहिए, ताकि पार्टी को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाया जा सके।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक सांसद, विधायक और वरिष्ठ नेता पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखें तथा उन्हें सभी संगठनात्मक कार्यक्रमों में सक्रिय रूप से शामिल करें। उन्होंने कहा कि संगठन और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय से भाजपा की पहुंच गांव, वार्ड और बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत होगी। साथ ही उन्होंने नेताओं से जनता के बीच नियमित संपर्क बनाए रखने और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया। नितिन नवीन ने 'मन की बात' कार्यक्रम पर विशेष जोर देते हुए निर्देश दिए कि जम्मू-कश्मीर के प्रत्येक बूथ पर अधिकतम जनभागीदारी के साथ इसका आयोजन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस कार्यक्रम ने देशभर में अनेक सामान्य नागरिकों की प्रेरणादायक कहानियों और सामाजिक सुधार अभियानों को सामने लाकर राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत किया है।
बैठक के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने उधमपुर जिले में विधायक मंकोटिया द्वारा अधिकतम बूथों पर सफलतापूर्वक मन की बात कार्यक्रम आयोजित कराने के प्रयासों की सराहना की तथा अन्य जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं से भी आने वाले महीनों में ऐसे प्रयासों को और तेज करने का आह्वान किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सत शर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का मार्गदर्शन जम्मू-कश्मीर के पार्टी कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार करेगा। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर भाजपा हमेशा अनुशासन और समर्पण के साथ कार्य करती रही है तथा प्रत्येक कार्यकर्ता पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों को बूथ स्तर तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि सभी जनप्रतिनिधि संगठन के साथ पूर्ण समन्वय में कार्य करते हुए प्रत्येक अभियान, बैठक और जनसंपर्क कार्यक्रम को प्रभावी ढंग से जमीनी स्तर तक पहुंचाएंगे।

