लखनपुर यात्री सुविधा केंद्र में अमरनाथ श्रद्धालुओं के लिए भजन संध्या का आयोजन

जम्मू। स्टेट समाचार
प्रतिकूल मौसम के कारण श्री अमरनाथ यात्रा अस्थायी रूप से स्थगित रहने के बीच सूचना एवं जनसंपर्क विभाग (डीआईपीआर) कठुआ ने रविवार को लखनपुर यात्री सुविधा केंद्र में श्रद्धालुओं के लिए भजन संध्या का आयोजन किया। कार्यक्रम का उद्देश्य यात्रा दोबारा शुरू होने की प्रतीक्षा कर रहे श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक और सांस्कृतिक वातावरण उपलब्ध कराना था। भजन संध्या में प्रसिद्ध भजन गायक नरोत्तम माही और उनकी टीम ने भगवान शिव की स्तुति तथा विभिन्न भजनों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह के साथ भजनों में सहभागिता की और कई श्रद्धालु भक्ति संगीत पर झूमते नजर आए।
श्रद्धालुओं ने इस पहल की सराहना करते हुए जिला प्रशासन कठुआ के प्रयासों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा लखनपुर यात्री सुविधा केंद्र में आवास, भोजन, चिकित्सा, सुरक्षा जैसी आवश्यक सुविधाओं के साथ-साथ धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी व्यवस्था की जा रही है, जिससे यात्रा के पुनः आरंभ होने की प्रतीक्षा कर रहे यात्रियों को राहत मिल रही है। कार्यक्रम का समापन श्री अमरनाथ यात्रा के सुरक्षित एवं सफल संचालन तथा सभी श्रद्धालुओं के मंगलमय यात्रा की कामना के साथ किया गया।

 

   

सम्बंधित खबर