भाऊराव देवरस की जयंती पर अस्पताल में किया गया फल वितरण
- Admin Admin
- Nov 19, 2025


भाऊराव देवरस के परिश्रम से ही उत्तर प्रदेश में संघ का कार्य बढ़ा
लखनऊ,19 नवम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में संघ कार्य के सूत्रधार भाऊराव देवरस की जयंती के अवसर पर बुधवार को महानगर स्थित भाऊराव देवरस संयुक्त चिकित्सालय में उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण व पुष्पांजलि अर्पित की गयी। इसके बाद राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रान्त सम्पर्क प्रमुख गंगा सिंह और अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा. रणजीत दीक्षित की उपस्थिति में वार्डों मेें भर्ती मरीजों को फल वितरण किया गया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ अवध प्रान्त के प्रान्त सम्पर्क प्रमुख गंगा सिंह ने भाऊराव देवरस के जीवन पर प्रकाश डालते हुए उनके विचारों पर चलने का आहवान किया। गंगा सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश में संघ का कार्य भाऊराव देवरस के परिश्रम से ही खड़ा हुआ। लखनऊ आने के बाद वह यहीं के होकर रह गये। प्रान्त सम्पर्क प्रमुख ने कहा कि एकात्म मानववाद के प्रणेता पण्डित दीनदयाल उपाध्याय,नानाजी देशमुख, पूूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेई और चतुर्थ सरसंघचालक रज्जू भैय्या जैसे छात्रों को संघ से जोड़कर उन्होंने ही आगे बढ़ाया।
भाऊराव देवरस सेवा न्यास के सत्यानन्द पाण्डेय ने बताया कि अटल बिहारी वाजपेई की अध्यक्षता में 1997 में भाऊराव देवरस सेवा न्यास की स्थापना लखनऊ में की गई थी। तब से यह न्यास शिक्षा, स्वास्थ्य, सेवा के अलावा समाज उत्थान के अनेक क्षेत्र में कार्य कर रहा है। लखनऊ में भी एसजीपीजीआई के सामने माधव सेवा आश्रम और महामना शिक्षण संस्थान भाऊराव देवरस सेवा न्यास की ओर से संचालित है।
अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा. रणजीत दीक्षित ने आभार जताते हुए कहा कि महापुरूषों के जीवन से हमें प्रेरणा लेनी चाहिए। भाऊराव देवरस अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डा.मनीष शुक्ल ने कार्यक्रम का संचालन किया। इस अवसर पर डा.राजीव बंसल, डा.जे.एन.सिंह, डा.जे.एन. तिवारी, डा.पायल गुप्ता, डा.अरशद अली, डा.तबस्मु व विशाल श्रीवास्तव प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन



