मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पटना में विकास योजनाओं का किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

पटना, 25 नवंबर (हि.स.)। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को पटना नगर क्षेत्र में चल रही विभिन्न महत्वपूर्ण निर्माण योजनाओं का निरीक्षण किया और अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी परियोजनाओं के कार्य निर्धारित समय में तेजी से पूरे किए जाएं, जिससे कि आम जनता को समय पर बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

मुख्यमंत्री ने पटेल गोलंबर से ईको पार्क के पश्चिमी छोर तक तथा ईको पार्क के पूर्वी छोर से अटल पथ तक सपैंटाइन नाले पर बन रहे भूमिगत नाले और उसके ऊपर बन रही 4-लेन सड़क का जायजा लिया। इस मौके पर अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को जानकारी दी कि नाले को पक्का कर उसके ऊपर सड़क का निर्माण किया जा रहा है। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि नाले के सुदृढ़ीकरण और सड़क निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखते हुए इसे जल्द पूरा किया जाए, ताकि लोगों को यातायात में राहत मिल सके।

इसके बाद मुख्यमंत्री ने राजीव नगर भूमिगत नाला निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने कहा कि इस योजना के पूरा होने से क्षेत्र में जलजमाव की समस्या समाप्त होगी और नाले के ऊपर बनने वाली दो-लेन सड़क से आवागमन और अधिक सुगम हो जाएगा।

मुख्यमंत्री ने मंदिरी नाला पर निर्माणाधीन 4-लेन सड़क तथा उसे जेपी गंगा पथ से जोड़ने वाले संपर्क मार्ग की प्रगति भी देखी। अधिकारियों ने बताया कि यहां कार्य तेज़ी से किया जा रहा है।

निरीक्षण के दौरान नीतीश कुमार ने कहा कि इन सभी मार्गों के बनने से शहर की यातायात व्यवस्था बेहतर होगी, लोगों को वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध होंगे और पटना शहर अधिक व्यवस्थित एवं स्वच्छ दिखाई देगा।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी

   

सम्बंधित खबर