सद्भावना दिवस पर पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी को श्रद्धांजलि, पदयात्रा का भव्य शुभारंभ
- Admin Admin
- Aug 20, 2025
वाराणसी, 20 अगस्त (हि.स.)। आधुनिक भारत के शिल्पकार, भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी की जयंती को बुधवार को सद्भावना दिवस के रूप में भावपूर्ण तरीके से मनाया गया। इस अवसर पर जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में मैदागिन चौराहे स्थित राजीव गांधी की प्रतिमा पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय की उपस्थिति में माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने राजीव गांधी के ऐतिहासिक योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने भारत को 21वीं सदी में प्रवेश दिलाने की ठोस नींव रखी। कंप्यूटर क्रांति, दूरसंचार में बदलाव, पंचायती राज व्यवस्था और युवाओं को राजनीति में भागीदारी जैसे कदम उनके दूरदर्शी नेतृत्व के उदाहरण हैं।
---13 दिन, 13 ब्लॉक, 100 वार्डों में कांग्रेस की पदयात्रा का आगाज़
सद्भावना दिवस के अवसर पर कांग्रेस ने एक नए जनसंपर्क अभियान — 100 वार्ड पदयात्रा — का भी शुभारंभ किया। इस अभियान की शुरुआत प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने पार्टी ध्वज दिखाकर की। काल भैरव ब्लॉक से निकली इस पदयात्रा में अजय राय स्वयं शामिल हुए और लोगों से सीधा संवाद किया।
यह पदयात्रा आगामी 13 दिनों तक चलेगी, जिसमें 13 ब्लॉकों के 100 वार्डों को कवर किया जाएगा। इसका उद्देश्य आमजन की समस्याओं को सुनना, उनके बीच पार्टी की सक्रिय उपस्थिति दर्ज कराना तथा भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के विरुद्ध जनमत तैयार करना है।
जनता की आवाज़ बनेगी यह पदयात्रा — अजय राय
प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि
आज का दिन भारतीय राजनीति और आधुनिक भारत के इतिहास का अत्यंत महत्वपूर्ण दिन है। राजीव गांधी ने अपने विज़न से देश को तकनीकी क्रांति की राह दिखाई। आज जब लोकतंत्र पर हमले हो रहे हैं और संस्थाओं को कमजोर किया जा रहा है, ऐसे में हमें राजीव गांधी की सोच और विरासत से प्रेरणा लेकर संघर्ष करना होगा।
उन्होंने कहा कि 100 वार्ड पदयात्रा जनता की आवाज़ बनेगी और यह काशी की गली-गली में अन्याय, तानाशाही, भ्रष्टाचार और मूलभूत जनसमस्याओं के खिलाफ कांग्रेस की प्रतिबद्धता का प्रतीक बनेगी।
जिलाध्यक्ष राजेश्वर पटेल ने कहा कि राजीव गांधी ने पंचायती राज और नगर निकायों को अधिकार देकर लोकतंत्र को जड़ों तक पहुंचाया। आज महिलाओं और वंचित वर्ग की राजनीति में भागीदारी उसी दूरदर्शिता का परिणाम है। उन्होंने कहा कि
सद्भावना दिवस हमें यह स्मरण कराता है कि राजनीति का उद्देश्य समाज को जोड़ना है, न कि बांटना।
इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे, प्रजानाथ शर्मा, फसाहत हुसैन बाबू, दुर्गाप्रसाद गुप्ता, सजीव सिंह, गुलशन अली, डॉ. राजेश गुप्ता, सतनाम सिंह, विनोद सिंह कल्लू, राजू राम, अशोक सिंह समेत कांग्रेस के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी



