रायपुर : राजधानी में बढ़ी ठंड, न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस पहुंचा
- Admin Admin
- Nov 30, 2025
रायपुर, 30 नवंबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर सहित कई क्षेत्राें में ठंड बढ़ी है। रायपुर के माना क्षेत्र में बीती रात न्यूनतम तापमान 11 डिग्री के करीब रहा। वहीं राजधानी में न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान अम्बिकापुर में 8.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार 30 नवंबर से अगले दाे दिनों के लिए न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है।
मौसम विभाग ने जानकारी दी कि 29 नवंबर को चक्रवाती तूफान दितवाह दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे उत्तरी श्रीलंका के ऊपर है। इसके आगे बढ़ने और रविवार सुबह तक उत्तरी तमिलनाडु, पुडुचेरी और उससे सटे दक्षिण आंध्रप्रदेश के तटों के पास दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तक पहुंचने की काफी संभावना है।
रविवार को बस्तर संभाग के कुछ इलाकों में हल्की वर्षा की संभावना है। दाे दिन बाद भी इसी तरह की स्थिति बने रह सकती है। राजधानी रायपुर में आज आकाश साफ रहने की संभावना जताई गई है। इस दौरान अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल



