कांग्रेस का कैंडल मार्च, नीट परीक्षा विवाद पर शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग
- Rahul Sharma
- Jul 09, 2026
जम्मू। स्टेट समाचार
जिला कांग्रेस कमेटी (शहरी) जम्मू ने मंगलवार शाम नीट परीक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर कैंडल मार्च, श्रद्धांजलि सभा और प्रार्थना सभा का आयोजन किया। कार्यक्रम में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उन 21 नीट अभ्यर्थियों को श्रद्धांजलि अर्पित की, जिनके बारे में कांग्रेस का दावा है कि उन्होंने पेपर लीक प्रकरण के बाद आत्महत्या की। इस दौरान दो मिनट का मौन रखकर दिवंगतों की आत्मा की शांति और उनके परिजनों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना की गई। पूर्व मंत्री योगेश साहनी के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष रमन भल्ला, मुख्य प्रवक्ता रविंदर शर्मा, वेद महाजन, ठाकुर मनमोहन सिंह, कांता भान सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, महिला कांग्रेस, ब्लॉक कांग्रेस पदाधिकारी, पूर्व पार्षद और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की।
सभा को संबोधित करते हुए रमन भल्ला ने शिक्षा व्यवस्था में सुधार और परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि विभिन्न भर्ती और प्रवेश परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं ने छात्रों और अभिभावकों का भरोसा प्रभावित किया है तथा दोषियों के खिलाफ जवाबदेही तय की जानी चाहिए। पूर्व मंत्री योगेश साहनी ने भी परीक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार की मांग करते हुए कहा कि छात्रों और उनके परिवारों पर आर्थिक तथा मानसिक दबाव बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनाने की आवश्यकता है तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री से नैतिक आधार पर इस्तीफा देने की मांग दोहराई। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को लेकर पार्टी का विरोध जारी रहेगा।
इस अवसर पर ठाकुर मनमोहन सिंह ने जम्मू-कश्मीर को शीघ्र पूर्ण राज्य का दर्जा बहाल करने की मांग उठाई। उन्होंने जम्मू में बिजली और पेयजल संकट का मुद्दा भी उठाते हुए कहा कि भीषण गर्मी के बीच लोग लंबे बिजली कटौती और अन्य बुनियादी समस्याओं का सामना कर रहे हैं। वहीं कांता भान ने अयोध्या के राम मंदिर से जुड़े कथित चंदा अनियमितताओं के आरोपों की उच्चस्तरीय जांच की मांग की। कार्यक्रम के अंत में जेकेपीसीसी के प्रवक्ता सोहित शर्मा ने सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।
एसएस 15

