जमीनी कार्यकर्ताओं के साथ निगम चुनाव में उतरेगी कांग्रेस : के राजू
- Admin Admin
- Jun 18, 2025
रांची, 18 जून (हि.स.)। आगामी रांची नगर निगम चुनाव की तैयारियों के तहत बुधवार को प्रदेश कांग्रेस की बैठक का आयोजन हरमू रोड स्थित कार्निवल बैंक्वेट सभागार में किया गया।
रांची नगर निगम के कार्यकर्ताओं का समागम विषय पर आयोजित बैठक की अध्यक्षता महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ कुमार राजा और रांची लोकसभा की पूर्व प्रत्याशी यशस्विनी सहाय ने संयुक्त रूप से की।
बैठक का उद्देश्य नगर निगम चुनाव के दृष्टिकोण से संगठन की स्थिति का आकलन करना, संभावित उम्मीदवारों से संवाद स्थापित करना और प्रत्याशी चयन प्रक्रिया की रूपरेखा पर चर्चा करना था।
बैठक में वार्ड पार्षद से लेकर डिप्टी मेयर पद तक के सभी संभावित नामों पर विस्तार से मंथन किया गया। साथ ही उन कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को भी आमंत्रित किया गया, जो चुनाव लड़ने की इच्छा रखते हैं। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पार्टी के प्रदेश प्रभारी के राजू और प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश थे।
मौके पर प्रदेश प्रभारी के राजू ने कहा कि रांची नगर निगम चुनाव कांग्रेस के लिए सिर्फ एक राजनीतिक प्रतिस्पर्धा नहीं, बल्कि जनता के बीच अपनी नीतियों, सिद्धांतों और विकास की प्रतिबद्धता को प्रस्तुत करने का सुनहरा अवसर है। हम पूरी पारदर्शिता और संगठन के जमीनी कार्यकर्ताओं की भागीदारी के साथ उम्मीदवारों का चयन करेंगे।
चुनाव में पूरी ताकत के साथ लेंगे हिस्सा : कमलेश
प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि पार्टी रांची निगम चुनाव में पूरी ताकत और प्रतिबद्धता के साथ हिस्सा लेगी। हमारे प्रत्याशी मजबूत, कर्मठ और जनता के साथ जुड़ाव रखने वाले होंगे। पार्टी संगठन हर वार्ड में सक्रिय रहेगा।
वहीं पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोध कांत सहाय ने कहा कि रांची की जनता अब झूठे वादों, प्रचार की राजनीति और खोकली योजनाओं से ऊब चुकी है। कांग्रेस ही एकमात्र ऐसी राजनीतिक ताकत है जो ईमानदारी, पारदर्शिता और वास्तविक विकास के एजेंडे के साथ काम करती है।
रांची महानगर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ कुमार राजा ने कहा कि हम कार्यकर्ताओं की ताकत, एकता और अनुभव के बल पर चुनाव मैदान में उतरेंगे। यह समागम न केवल संगठन की शक्ति का प्रतीक है, बल्कि हमारी आगामी चुनावी रणनीति का स्पष्ट संकेत भी है।
मौके पर पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोध कांत सहाय, विधायक राजेश कच्छप, जेएससीए अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव, राज्य मार्केटिंग बोर्ड के अध्यक्ष रविंद्र सिंह, पूर्व मेयर रमा खलखो, वरिष्ठ नेता प्रदीप तुलस्यान, शमशेर आलम, राजन वर्मा, मो एहतेशाम मंजर, दीपक राम, शाजदा खातून, कुलभूषण डुंगडुंग, नाजिमा रज़ा, हुस्ना आरा, सविता कुजूर, नीतू पासवान और कविता सांगा, बबलू शुक्ला, अमरेंद्र सिंह, प्रिंस बट्ट सहित अन्य मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak



