जबलपुर : इंदौर के व्यापारी से 2 लाख की लूट का खुलासा, 24 घंटे में 5 आरोपित गिरफ्तार

जबलपुर, 09 जून (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के जबलपुर के माढ़ोताल थाना क्षेत्र में इंदौर से उधारी की रकम वसूलने आए एक व्यापारी से हुई लूट की वारदात का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर मंगलवार को खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटी गई रकम में से 1 लाख रुपये नकद, घटना में प्रयुक्त दो दुपहिया वाहन और एक चाकू बरामद किया है। पकड़े गए मुख्य साजिशकर्ता बताए जा रहे एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार इंदौर निवासी 25 वर्षीय अभय कुमार सिंह 6 जून को अपने साथी लखन चौरसिया के साथ जबलपुर उधारी की रकम लेने आया था। उसने मझौली क्षेत्र से एक व्यापारी से 2 लाख रुपये वसूल किए थे। इसके बाद वह अपने परिचितों के संपर्क में रहा और शाम को बस स्टैंड जाने की तैयारी कर रहा था।

इसी दौरान उसके परिचित पियूष पटेल ने फोन कर एक युवक के माध्यम से सामान भिजवाया। बाद में वही युवक अभय और उसके साथी को बस स्टैंड छोड़ने के बहाने बाइक पर लेकर निकला। शाम करीब 7:30 बजे सर्विस रोड पर पहुंचने के दौरान एक एक्टिवा सवार तीन युवकों ने उन पर मिर्च पाउडर फेंक दिया, जिससे बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई।

पीड़ितों के गिरते ही बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। आरोपियों ने मारपीट की और चाकू दिखाकर धमकाते हुए नकदी से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। बैग में 2 लाख रुपये नकद और अन्य सामान रखा हुआ था।

घटना की रिपोर्ट पर माढ़ोताल थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और मुखबिरों की मदद से जांच आगे बढ़ाई। पूछताछ के दौरान सामने आया कि पीड़ितों के साथ बाइक पर मौजूद राजेंद्र पटेल भी साजिश में शामिल था।

पुलिस ने राजेंद्र पटेल से पूछताछ की तो उसने इंदौर निवासी पियूष पटेल के कहने पर अपने साथियों आलोक पांडे, रोहन ठाकुर, शरद बेन और बृजेश उर्फ बिज्जू अन्ना के साथ मिलकर लूट की योजना बनाना स्वीकार कर लिया।

पुलिस ने सभी पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर 1 लाख रुपये नकद, एक एक्सिस स्कूटर, एक एक्सट्रीम मोटरसाइकिल और घटना में इस्तेमाल किया गया चाकू जब्त कर लिया है। शेष रकम और अन्य सामान की बरामदगी के लिए आरोपितों को रिमांड पर लिया गया है।

मामले में बीएनएस की अतिरिक्त धाराएं भी जोड़ी गई हैं तथा फरार आरोपी पियूष पटेल की तलाश जारी है।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी में माढ़ोताल थाना और साइबर सेल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

---------------

   

सम्बंधित खबर