अवैध निर्माण करने वालों को भाजपा विधायकों की चेतावनी, कहा- सब टूटेंगे, किसी को नहीं मिलेगी रियायत
- DSS Admin
- Jun 09, 2026

पश्चिम बर्दवान, 09 जून (हि.स.)।
दुर्गापुर में अवैध कब्जों और बिना अनुमति किए गए निर्माण कार्यों के खिलाफ प्रशासनिक कार्रवाई तेज होने जा रही है। दुर्गापुर के दो भाजपा विधायकों ने शहर में अवैध निर्माण और कब्जों के खिलाफ प्रशासन द्वारा सख्त रुख अख्तियार किए जाने की जानकारी दी है। दुर्गापुर पश्चिम के विधायक लखन घोरुई और दुर्गापुर पूर्व के विधायक चंद्रशेखर बंद्योपाध्याय ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि किसी भी व्यक्ति या संस्था द्वारा किया गया अवैध निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, चाहे वह कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो।
लखन घोरुई ने कहा कि हाल ही में जिला अधिकारी, एडीडीए तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर शहर में हुए अवैध कब्जों और निर्माण कार्यों की समीक्षा की गई है। उन्होंने बताया कि होटल, दुकान, मकान, अस्पताल अथवा किसी भी व्यावसायिक प्रतिष्ठान द्वारा यदि सरकारी जमीन, सड़क या अन्य सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण किया गया है तो उसकी जांच कर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने आगे कहा कि कई स्थानों पर पंजीकृत जमीन के बाहर निर्माण कर रास्तों पर कब्जा कर लिया गया है। ऐसे सभी मामले चिह्नित किये जा रहे हैं। यदि किसी ने अवैध निर्माण किया है तो उसे स्वयं हटाने का अवसर दिया जाएगा, अन्यथा प्रशासन और निगम की ओर से उसे ध्वस्त कर दिया जाएगा।
वहीं दुर्गापुर पूर्व के विधायक चंद्रशेखर बंद्योपाध्याय ने बिना किसी का नाम लिए कहा कि पूर्ववर्ती शासन के प्रभाव में कुछ लोगों ने स्वयं को पूरे दुर्गापुर क्षेत्र का मालिक समझ लिया था और सत्ता के संरक्षण में कई गैरकानूनी कार्य किए गए। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ प्रभावशाली व्यक्तियों ने होटलों और अन्य व्यावसायिक परिसरों में बिना स्वीकृत भवन योजना के अतिरिक्त मंजिलों का निर्माण कराया है।
चंद्रशेखर बंद्योपाध्याय ने कहा कि निगम की ओर से संबंधित लोगों को नोटिस जारी कर दिया गया है। उन्हें अवैध निर्माण स्वयं हटाने के लिए कहा गया है। यदि वे ऐसा नहीं करते हैं तो निगम कार्रवाई करेगा और ध्वस्तीकरण का खर्च भी संबंधित मालिकों से वसूला जाएगा।
उन्होंने कहा कि बिधाननगर बस स्टैंड क्षेत्र में हुए अवैध निर्माणों की भी जांच की जा रही है और वहां आवश्यक कार्रवाई कर नए बस स्टैंड के निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। उन्होंने दावा किया कि जिन लोगों ने राजनीतिक संरक्षण के बल पर नियमों की अनदेखी की थी, उनके खिलाफ अब कानून के अनुसार कार्रवाई होगी।
दोनों विधायकों ने एक स्वर में कहा कि दुर्गापुर में कानून का राज स्थापित किया जाएगा और अवैध कब्जा, अतिक्रमण तथा बिना अनुमति के निर्माण कार्यों के खिलाफ किसी भी प्रकार की नरमी नहीं बरती जाएगी।
---------------

