जम्मू-कश्मीर में कारोबार और जनसेवाओं को आसान बनाने पर मंथन
- Rahul Sharma
- Jul 18, 2026
जम्मू। स्टेट समाचार
मुख्य सचिव अटल डुल्लू ने शुक्रवार को उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता कर जम्मू-कश्मीर में ईज ऑफ डूइंग बिजनेस और ईज ऑफ लिविंग को बेहतर बनाने के लिए महाराष्ट्र और गुजरात जैसे अग्रणी राज्यों की सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों की समीक्षा की। बैठक में विभिन्न विभागों के प्रशासनिक सचिव और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में महाराष्ट्र और गुजरात में लागू प्रशासनिक एवं नियामक सुधारों पर विस्तृत प्रस्तुति दी गई। इसमें सरकारी सेवाओं के डिजिटलीकरण, प्रक्रियाओं के सरलीकरण, सिंगल विंडो सिस्टम को मजबूत बनाने, अनावश्यक नियमों में कमी, समयबद्ध सेवाएं, भूमि एवं निर्माण संबंधी मंजूरियों को सरल बनाने तथा निवेशकों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने जैसे उपायों पर चर्चा हुई।
मुख्य सचिव ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में पिछले कुछ वर्षों में कई प्रशासनिक सुधार किए गए हैं, लेकिन अब राष्ट्रीय स्तर पर सफल साबित हुई व्यवस्थाओं को स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप अपनाकर सुधारों की गति तेज करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि निवेशकों और उद्यमियों के दृष्टिकोण से प्रक्रियाओं को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाया जाना चाहिए ताकि निवेश को बढ़ावा मिले और आम लोगों को भी सरकारी सेवाएं आसानी से उपलब्ध हो सकें। उन्होंने सेंटर फॉर इनोवेशन, ट्रांसफॉर्मेशन एंड गवर्नेंस (सीआईटीएजी) को निर्देश दिए कि जम्मू-कश्मीर में अब तक लागू सुधारों का अग्रणी राज्यों के मॉडल से तुलनात्मक अध्ययन कर कमियों की पहचान की जाए तथा समयबद्ध कार्ययोजना तैयार की जाए। बैठक में इस बात पर सहमति बनी कि स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप सर्वोत्तम प्रशासनिक मॉडल अपनाकर जम्मू-कश्मीर में निवेश, सुशासन और जनसेवाओं की गुणवत्ता को और मजबूत किया जाएगा।

