बाढ़ प्रभावितों के लिए विशेष राहत पैकेज की मांग, कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना
- Rahul Sharma
- Jul 24, 2026
जम्मू। स्टेट समाचार
जम्मू-कश्मीर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने हाल की भारी बारिश और बाढ़ से प्रभावित लोगों के लिए विशेष राहत एवं पुनर्वास पैकेज की मांग करते हुए केंद्र सरकार से मौजूदा राहत राशि बढ़ाने का आग्रह किया है। राजीव भवन स्थित पार्टी मुख्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में कार्यकारी अध्यक्ष रमन भल्ला और मुख्य प्रवक्ता रविंदर शर्मा ने कहा कि पुंछ, राजौरी और रामबन जिलों में भारी तबाही हुई है, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों की जान गई है तथा सैकड़ों मकान, वाहन, दुकानें, आटा चक्कियां, घराट, सड़कें, पुल और अन्य सार्वजनिक एवं निजी संपत्तियां क्षतिग्रस्त हुई हैं।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पुंछ जिले के सुरनकोट और मंडी क्षेत्र सबसे अधिक प्रभावित रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि पुंछ और राजौरी में कई लोग अब भी लापता हैं तथा दोनों जिलों में बिजली और पेयजल व्यवस्था कई दिनों से प्रभावित है। उन्होंने जिला प्रशासन के राहत एवं बचाव कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि नुकसान की गंभीरता को देखते हुए केंद्र सरकार को इसे राष्ट्रीय आपदा घोषित कर विशेष पुनर्निर्माण एवं पुनर्वास पैकेज देना चाहिए। पार्टी ने मृतकों के परिजनों के लिए अनुग्रह राशि और मकान क्षति पर मिलने वाले मुआवजे में वृद्धि करने, प्रभावित परिवारों को कम से कम छह महीने तक मुफ्त राशन उपलब्ध कराने तथा निजी संपत्तियों के नुकसान की भरपाई की भी मांग की।
प्रेसवार्ता में कांग्रेस ने भाजपा के सांसदों और विधायकों से केंद्र सरकार के समक्ष विशेष पैकेज की मांग उठाने का आग्रह किया। साथ ही, पिछले वर्ष आई प्राकृतिक आपदा में क्षतिग्रस्त सार्वजनिक ढांचे के पुनर्निर्माण में देरी का आरोप भी लगाया। पार्टी ने कालीधार स्थित सुंगल सुरंग को आम यातायात के लिए तत्काल खोलने, अमरनाथ यात्रियों और अन्य फंसे यात्रियों के लिए राहत शिविर तथा विशेष ट्रेनों की व्यवस्था करने, संवेदनशील क्षेत्रों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित करने और राजौरी नदी के किनारे बस अड्डे के निर्माण सहित जल स्रोतों पर हुए निर्माण कार्यों की जांच की भी मांग की।

