घरेलू गैस सिलेण्डरों के दुरुपयोग रोकरने को जिलेभर में चला छापेमारी अभियान
- Admin Admin
- Nov 29, 2025
पौड़ी गढ़वाल, 29 नवंबर (हि.स.)।
खाद्य आपूर्ति विभाग की ओर से जिले में घरेलू गैस सिलेण्डरों के व्यावसायिक उपयोग को रोकने के लिए व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। नगर पालिका, नगर निगम व नगर पंचायत क्षेत्रों में गठित निरीक्षण टीमों द्वारा होटल, ढाबा व विभिन्न प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर जांच की जा रही है।
जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि अभियान के दौरान कुल 140 प्रतिष्ठानों की छानबीन की गयी, जिनमें घरेलू गैस सिलेण्डरों के दुरुपयोग के मामले सामने आए। विभागीय कार्रवाई में 21 घरेलू गैस सिलेण्डरों पर 48 हजार 300 रुपये का चालान किया गया, साथ ही 2 सिलेण्डर ज़ब्त भी किए गए।
नगर पालिका पौड़ी क्षेत्र में पूर्ति निरीक्षक शैलेन्द्र कुमार बड़ोला की टीम ने 31 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर 9 सिलेण्डरों के दुरुपयोग पर 20 हजार 700 रुपये का जुर्माना लगाया। निगम कोटद्वार क्षेत्र में क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी करन सिंह क्षेत्री के नेतृत्व में 23 प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की गयी और 2 घरेलू गैस सिलेण्डरों पर 4 हजार 600 रुपये का चालान किया गया।
वहीं, नगर निगम श्रीनगर क्षेत्र में पूर्ति निरीक्षक विजय कुमार की टीम ने 16 होटल/ढाबों की जांच की, जिसमें 8 में से 6 सिलेण्डरों पर 13 हजार 800 रुपये का चालान किया गया और 2 सिलेण्डर ज़ब्त कर लिए गए। बताया कि नगर पंचायत सतपुली एवं अमोठा क्षेत्र में पूर्ति निरीक्षक राखी संतोषी के नेतृत्व में 17 प्रतिष्ठानों की जांच की गयी। पाबौ क्षेत्र में पूर्ति निरीक्षक हेमेन्द्र कुमार एवं विजय डोभाल की टीम द्वारा 14 प्रतिष्ठानों की जांच की गयी, जिसमें 4 घरेलू सिलेण्डरों पर 9 हजार 200 रुपये का चालान किया गया।
जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि घरेलू गैस का व्यावसायिक प्रयोग नियमविरुद्ध है। आगे भी ऐसे निरीक्षण जारी रहेंगे और उल्लंघनकारी प्रतिष्ठानों पर कठोर कार्यवाही की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह



