आंगनवाड़ी केंद्र में गैस लीक होने से लगी आग, महिला कर्मी झुलसी
- Admin Admin
- Oct 10, 2025
दक्षिण 24 परगना, 10 अक्टूबर (हि.स.)। दक्षिण 24 परगना जिले के ठाकुरपुकुर-महेशतला ब्लॉक के आशुती-1 ग्राम पंचायत के दक्षिण आशुती मोल्लापाड़ा स्थित अंगनवाड़ी केंद्र में शुक्रवार सुबह अचानक आग लग गई। इस हादसे में एक महिला आंगनवाड़ी कर्मी आंशिक रूप से झुलस गईं। उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
झुलसी हुई महिला कर्मी का नाम ऊषा नस्कर (55) है। आग बुझाने की कोशिश में उनके हाथ झुलस गए। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। प्रारंभिक जांच के अनुसार, सुबह करीब 8:10 बजे खाना बनाते समय गैस पाइप में लीक होने से आग लगी। केंद्र में चावल के बोरे और अन्य ज्वलनशील वस्तुएं रखी होने के कारण आग तेजी से फैल गई। आग में चावल, दाल, अंडे और अन्य खाद्य सामग्री जलकर राख हो गई।
आग लगते ही ऊषा देवी ने शोर मचाया, जिसके बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया। केंद्र में रखे अन्य गैस सिलिंडरों को ग्रामीणों ने पास के तालाब में फेंक दिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। सुरक्षा के मद्देनजर आंगनवाड़ी केंद्र की बिजली आपूर्ति तुरंत काट दी गई और शुक्रवार के लिए आंगनवाड़ी केंद्र को बंद कर दिया गया।
उल्लेखनीय है कि इस केंद्र में अंगनवाड़ी गतिविधियों के साथ-साथ मिड-डे मील की भी व्यवस्था होती है। घटना के समय केंद्र में कोई बच्चा मौजूद नहीं था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। एक स्थानीय निवासी ने बताया, “खाना बनाते समय आग लगी। शोर सुनकर हम सब दौड़ पड़े। सभी ने मिलकर आग बुझाई और घायल महिला को अस्पताल भेजा। दमकल को सूचना दी गई थी, लेकिन वे समय पर नहीं पहुंचे।”
दमकल विभाग ने आग लगने के सटीक कारण की जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय



