टूटे स्लैब के कारण नाला में गिरी गाय,पार्षद ने पहल करते हुए स्थानीय लोगों की मदद से निकाला बाहर
- Admin Admin
- Nov 25, 2025
अररिया, 25 नवम्बर(हि.स.)।
फारबिसगंज जीरा देवी शीतल साह महिला महाविद्यालय रास्ते में बने नाला का स्लैब टूटे होने के कारण मंगलवार को एक गाय नाला में गिर गई।जिसे बाहर निकालने को लेकर नगर परिषद वार्ड संख्या आठ के पार्षद नंदन ठाकुर ने पहल की।
स्थानीय लोगों के मदद से स्वयं पार्षद नाला में उतरे और गाय को रस्सी बांधकर बाहर निकालने का प्रयास किया।लेकिन उसमें सफलता नहीं मिली।स्थानीय लोग घंटों कड़ी मशक्कत करते रहे।
बाद में पार्षद नंदन ठाकुर ने नगर परिषद प्रशासन को सूचना देकर जेसीबी मंगवाया और उसके बाद गाय माता को बाहर निकाला जा सका।इस दौरान गाय चोटिल भी हो गई।
मौके पर मौजूद पार्षद नंदन ठाकुर ने कहा कि महिला कॉलेज होते हुए फोरलेन सड़क पर जाने वाली सड़क के किनारे बुडको के द्वारा नाला का निर्माण कराया गया था।सड़क से ऊंची बने नाला पर स्लैब डाला गया था।लेकिन कमजोर स्लैब होने के कारण कई स्थानों पर स्लैब टूट गई।फलस्वरूप आए दिन टूटे हुए स्लैब के कारण नाला में लोग गिर कर घायल हो जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि मामले को लेकर कई बार नगर परिषद प्रशासन को भी जानकारी देकर स्लैब डाले जाने की गुजारिश की गई।लेकिन नगर परिषद प्रशासन बुडको का काम होने का हवाला देते हुए हरबार अपना पल्ला झाड़ लेती है फलस्वरूप आए दिन हादसे होते रहते हैं।
उन्होंने बताया कि छठ जैसे महापर्व पर भी एक छठव्रती टूटे स्लैब के कारण नाला में गिरकर घायल हो गई थी।उन्होंने नगर परिषद प्रशासन सहित जिला प्रशासन से टूटे स्लैब के स्थान पर मजबूत स्लैब डालने की गुहार लगाई।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर



